ईरान से तनाव के बीच कुवैत ने बंद कराया एकमात्र ईरानी स्कूल
कुवैत सिटी, 06 अगस्त (हि.स.)। कुवैत सरकार ने देश के इकलौते ईरानी निजी स्कूल को बंद करने का आदेश जारी किया है। स्थानीय मीडिया के अनुसार, यह फैसला ईरान के साथ हालिया तनाव और संघर्ष के दौरान कुवैत पर हुए लगातार हमलों के बाद लिया गया।
शिक्षा मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने स्कूल का शैक्षणिक लाइसेंस रद्द करते हुए उसके संचालन पर रोक लगाने का आदेश दिया है। हालांकि, सरकार की ओर से जारी आदेश में स्कूल बंद किए जाने का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया गया है।
निर्देश के तहत आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए स्कूल में नए छात्रों के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। साथ ही, अभिभावकों से अपने बच्चों का दाखिला किसी अन्य मान्यता प्राप्त विद्यालय में कराने को कहा गया है।
फिलहाल कुवैती अधिकारियों ने इस फैसले पर विस्तृत टिप्पणी नहीं की है। वहीं, स्कूल बंद किए जाने के निर्णय को क्षेत्रीय सुरक्षा हालात और हाल के भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के संदर्भ में देखा जा रहा है।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

