इजराइली संसद में अरेंजमेंट्स कमेटी के गठन को मंजूरी, अरब दलों का प्रभाव घटाने की लिकुड की कोशिश नाकाम

WhatsApp Channel Join Now


यरुशलम, 11 नवंबर (हि.स.)। इजराइल की संसद नेसट ने 63 के मुकाबले 50 मतों से 22 सदस्यीय अरेंजमेंट्स कमेटी के गठन को मंजूरी दे दी। याशर पार्टी के सांसद रॉय फोकमैन की ओर से पेश प्रस्ताव के तहत गठित इस समिति में गादी आइजेनकोट के नेतृत्व वाले गुट और प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का समर्थन करने वाले गुट को नौ-नौ सीटें मिली हैं, जबकि अरब दलों ज्वाइंट लिस्ट और राम को कुल चार सीटें दी गई हैं।

फोकमैन के प्रस्ताव के अनुसार, प्रत्येक संसदीय दल को उसके सांसदों की संख्या के आधार पर हर पांच सांसद पर एक सीट दी गई है। इसके तहत लिकुड को पांच, याशर को चार और बी’याचद, ज्वाइंट लिस्ट, डेमोक्रेट्स तथा राम को दो-दो सीटें मिली हैं। वहीं, इजराइल बेतेनु, ओत्जमा येहुदित, यूनाइटेड टोरा जूडिज्म, शास और रिलीजियस जायनिज्म को एक-एक सीट दी गई।

अरेंजमेंट्स कमेटी का गठन महत्वपूर्ण है, क्योंकि स्थायी संसदीय समितियों के गठन तक उसके पास व्यापक अधिकार रहते हैं। यह समिति अन्य संसदीय समितियों की संरचना तय करती है, जिसे बाद में सांसदों की मंजूरी के लिए पेश किया जाता है। इसके अलावा, यह अस्थायी वित्त समिति और विदेश मामलों एवं रक्षा समिति का गठन भी कर सकती है। हाउस कमेटी के चयन तक संसदीय प्रक्रिया और नेसेट के कामकाज की जिम्मेदारी भी इसी के पास रहती है। यह अस्थायी उपसभापतियों की नियुक्ति भी कर सकती है।

लिकुड सांसद ओफिर काट्ज ने समिति में अपने गुट का प्रतिनिधित्व बढ़ाने के लिए अलग प्रस्ताव रखा था। उनके शुरुआती प्रस्ताव में प्रत्येक चार सांसदों पर एक प्रतिनिधि देने की बात थी। इससे नेतन्याहू समर्थक गुट को 15, आइजेनकोट के नेतृत्व वाले गुट को 12 और अरब दलों को चार सीटें मिलतीं। हालांकि, समिति का आकार बड़ा होने के कारण यह प्रस्ताव स्वीकार नहीं किया गया।

इसके बाद काट्ज ने अपने गुट को आठ, आइजेनकोट के गुट को सात और अरब दलों को तीन सीटें देने का सुझाव दिया। आलोचकों ने इसे भेदभावपूर्ण और अलोकतांत्रिक बताते हुए कहा कि इससे समिति में नेतन्याहू समर्थक गुट को अनुचित बढ़त मिलती।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775535 Articles

Share this story