नेपाल में आज से होगा कार्तिक स्नान, दीपदान और विशेष तुलसी पूजा भी शुरू

WhatsApp Channel Join Now
नेपाल में आज से होगा कार्तिक स्नान, दीपदान और विशेष तुलसी पूजा भी शुरू


काठमांडू, 26 अक्टूबर (हि.स.)। नेपाल में आज से कार्तिक स्नान, दीपदान और विशेष तुलसी पूजा की शुरुआत हो रही है। हर साल आश्विन शुक्ल पूर्णिमा से शुरू होने वाली यह परंपरा कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा तक चलती है।

मान्यता है कि इस अवधि में पूजा-पाठ, पवित्र स्नान, दीप प्रज्वलन और दान करने से आध्यात्मिक पुण्य की प्राप्ति होती है तथा जीवन से नकारात्मकता दूर होती है। पूर्णिमा को दिव्य प्रकाश, पवित्रता और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इसी कारण कार्तिक मास में धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार आश्विन शुक्ल पूर्णिमा से कार्तिक शुक्ल पूर्णिमा तक तुलसी की विशेष पूजा, कार्तिक स्नान और आकाशदीप जलाने से सौभाग्य, समृद्धि और मान-सम्मान की प्राप्ति होती है। भगवान विष्णु को समर्पित इस परंपरा में दीप प्रज्वलित किए जाते हैं। मान्यता है कि इस अवधि में विशेष रूप से घरों में तुलसी पूजा करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं।

नेपाल पंचांग निर्णायक विकास समिति के अध्यक्ष एवं धर्मशास्त्र के विद्वान प्रो. डॉ. रामचंद्र गौतम ने बताया कि आश्विन शुक्ल पूर्णिमा से कार्तिक स्नान शुरू करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार इस दौरान स्नान करने से मन के बुरे विचारों को दूर करने में मदद मिलती है।

इसी अवसर पर आज स्वयम्भू चैत्य में महादीप दान भी किया जा रहा है। कार्तिक स्नान के अवसर पर देशभर की सभी पवित्र नदियों में सुबह से ही लोगों की भीड़ देखी गई। लोग अपने परिवारों के साथ नदी किनारे पहुंच कर स्नान कर दीपदान कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766875 Articles

Share this story