दक्षिणी लेबनान में किसी भी तरह का सुरक्षा शून्य नहीं पैदा होना चाहिए : काजा कलास

WhatsApp Channel Join Now

बेरूत, 08 अक्टूबर (हि.स.)। यूरोपीय संघ (ईयू) की विदेश नीति प्रमुख काजा कलास ने कहा है कि यूरोपीय संघ लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल (यूएनआईएफआईएल) के जनादेश को आगे बढ़ाने के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि दक्षिणी लेबनान में किसी भी तरह का सुरक्षा शून्य पैदा नहीं होना चाहिए।

लेबनान के दौरे के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात के बाद कलास ने कहा कि यूरोपीय संघ के सदस्य देशों ने यूएनआईएफआईएल का मौजूदा जनादेश समाप्त होने को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने कहा, “अगर इस जनादेश को बढ़ाया जाता है, तो इसका स्वागत किया जाएगा। यही सदस्य देशों की स्थिति है।”

यूएनआईएफआईएल में करीब 50 देशों के लगभग 7,500 जवान तैनात हैं। यह मिशन 1978 से दक्षिणी लेबनान में मौजूद है। हालांकि, इसकी मौजूदगी के बावजूद क्षेत्र में कई बार संघर्ष भड़क चुका है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने पिछले वर्ष अमेरिका के दबाव में यूएनआईएफआईएल का जनादेश 31 दिसंबर 2026 को समाप्त करने का फैसला किया था।

कलास ने कहा कि अमेरिका की मध्यस्थता वाले इजरायल-लेबनान समझौते के तहत यह सुनिश्चित करने के लिए किसी पक्ष या अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की जरूरत है कि दोनों पक्ष अपने वादों का पालन कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि यूएनआईएफआईएल का मिशन समाप्त हो जाता है और उसकी जगह निगरानी के लिए कोई नई अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था तैयार नहीं होती, तो यह स्थिति खतरनाक हो सकती है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story