एनवीडिया के सीईओ पद पर फिर लौटे जेन्सेन हुआंग, बोर्ड ने सर्वसम्मति से दी मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
एनवीडिया के सीईओ पद पर फिर लौटे जेन्सेन हुआंग, बोर्ड ने सर्वसम्मति से दी मंजूरी


एनवीडिया के सीईओ पद पर फिर लौटे जेन्सेन हुआंग, बोर्ड ने सर्वसम्मति से दी मंजूरी


सांता क्लारा (अमेरिका), 23 नवंबर (हि.स.)। अमेरिकी प्रौद्योगिकी कंपनी एनवीडिया ने अपने संस्थापक जेन्सेन हुआंग को तत्काल प्रभाव से दोबारा कंपनी का अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नियुक्त कर दिया है। कंपनी के निदेशक मंडल ने उन्हें बोर्ड में भी फिर से शामिल करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। हुआंग ने 12 नवंबर को कंपनी के सीईओ और बोर्ड सदस्य के पद से इस्तीफा दिया था। उनकी जगह अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी संभाल रहीं कोलेट क्रेस अब फिर मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) के रूप में काम करेंगी।

एनवीडिया की ओर से जारी बयान के अनुसार, बोर्ड ने हुआंग के साथ कई दौर की बातचीत और बैठकें कीं। इसके बाद निदेशकों ने उनके जवाबों और कंपनी का नेतृत्व करने की क्षमता पर भरोसा जताया। इस प्रक्रिया के दौरान अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से भी सुझाव लिए गए। बोर्ड ने कहा कि मिली जानकारी के आधार पर उसे हुआंग की वापसी से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा होने की आशंका नहीं है।

बोर्ड के अध्यक्ष हार्वे सी. जोन्स ने कहा कि निदेशक मंडल का मानना है कि हुआंग ही एनवीडिया का नेतृत्व करने के लिए सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं। उनकी वापसी कंपनी के शेयरधारकों, कर्मचारियों, साझेदारों और ग्राहकों के हित में है। जोन्स ने अंतरिम सीईओ के रूप में जिम्मेदारी निभाने के लिए कोलेट क्रेस का भी आभार जताया।

हुआंग का इस्तीफा हाल में सामने आई उन मीडिया रिपोर्टों के बाद हुआ था, जिनमें एक विदेशी खुफिया अभियान के तहत उन्हें निशाना बनाए जाने की आशंका जताई गई थी। रिपोर्टों में एक चीनी कारोबारी महिला के साथ उनके कथित संबंधों और महिला के चीन की खुफिया एजेंसी से संभावित जुड़ाव को लेकर सवाल उठाए गए थे। इस घटनाक्रम के बाद कंपनी के बोर्ड ने स्वतंत्र निदेशकों की एक समिति गठित कर जांच शुरू की थी।

एनवीडिया ने स्पष्ट किया है कि यह जांच अभी पूरी नहीं हुई है। कंपनी के अनुसार, हुआंग जांच में पूरा सहयोग करने के लिए तैयार हैं। बोर्ड ने राष्ट्रीय सुरक्षा और निर्यात नियंत्रण से जुड़े मामलों की निगरानी के लिए स्वतंत्र निदेशकों की एक अलग समिति भी बनाई है। इसके साथ ही कंपनी में मुख्य अनुपालन अधिकारी का नया पद सृजित कर इस नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी हुआंग की वापसी का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि संघीय सरकार के पास ऐसा मानने का कोई कारण नहीं है कि हुआंग की एनवीडिया में वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा होगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782146 Articles

Share this story