विवाह पंचमी से पहले जनकपुर-अयोध्या रेल सेवा के उद्घाटन की तैयारी तेज

WhatsApp Channel Join Now
विवाह पंचमी से पहले जनकपुर-अयोध्या रेल सेवा के उद्घाटन की तैयारी तेज


विवाह पंचमी से पहले जनकपुर-अयोध्या रेल सेवा के उद्घाटन की तैयारी तेज


काठमांडू, 30 अक्टूबर (हि.स.)। इस वर्ष विवाह पंचमी से पहले माता सीता की जन्मभूमि जनकपुरधाम और भगवान राम की नगरी अयोध्या को रेल मार्ग से जोड़ने वाली विशेष ट्रेन सेवा शुरू करने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के प्रस्तावित भारत दौरे के दौरान दोनों देशों के प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से इस विशेष रेल सेवा का उद्घाटन करेंगे।

नेपाल रेलवे कंपनी के प्रबंध निदेशक परिवेश पराजुली ने बताया कि हालांकि, उद्घाटन की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा के दौरान ही रेल सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। प्रधानमंत्री शाह का 23 नवंबर से भारत दौरा प्रस्तावित है। पराजुली के मुताबिक रामायण सर्किट के तहत जनकपुरधाम से अयोध्या तक विशेष रेल सेवा संचालित करने के लिए आवश्यक तैयारियों पर चर्चा चल रही है। नेपाल की सीमा में ट्रेन और यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी नेपाली सुरक्षा एजेंसियों तथा भारतीय क्षेत्र में भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के जिम्मे होगी। इस व्यवस्था पर सैद्धांतिक सहमति बन चुकी है।

कुछ दिन पहले नेपाल और भारत के रेलवे, सुरक्षा, सीमा शुल्क तथा आव्रजन विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विशेष निरीक्षण यान से जयनगर-जनकपुरधाम-कुर्था रेलखंड का स्थलगत निरीक्षण भी किया था। जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से दोनों देशों के धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूती मिलने के साथ धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

जनकपुरधाम उद्योग वाणिज्य संघ के पूर्व अध्यक्ष जितेंद्र महासेठ के मुताबिक माता सीता की जन्मभूमि जनकपुरधाम और भगवान राम की नगरी अयोध्या को सीधे रेल सेवा से जोड़ने के बाद रामायण सर्किट के तहत तीर्थयात्रियों और धार्मिक पर्यटकों की आवाजाही आसान होगी। इस विशेष रेल सेवा से नेपाल और भारत के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के बीच पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां भी बढ़ेंगी।

फिलहाल भारत के जयनगर से नेपाल के जनकपुरधाम होते हुए महोत्तरी जिले के बिजलपुरा तक नियमित रेल सेवा संचालित हो रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769323 Articles

Share this story