लेबनान में वर्जिन मैरी की प्रतिमा के अपमान पर इजराइली सैनिकों को जेल की सजा

WhatsApp Channel Join Now

तेल अवीव/बेरूत, 11 मई (हि.स.)। दक्षिणी लेबनान में वर्जिन मैरी की प्रतिमा के साथ कथित अभद्रता और उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करने के मामले में इजराइली सेना ने अपने दो सैनिकों को जेल की सजा दी है। इस घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में धार्मिक भावनाओं को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर में एक सैनिक वर्जिन मैरी की प्रतिमा के मुंह के पास सिगरेट लगाते हुए दिखाई दे रहा था। इजराइल डिफेंस फोर्स (आईडीएफ) ने मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित सैनिक को 21 दिनों की सैन्य जेल की सजा सुनाई है। वहीं तस्वीर खींचने वाले दूसरे सैनिक को 14 दिनों की सजा दी गई है।

इजराइली सेना ने अपने बयान में कहा कि वह सभी धर्मों, पूजा स्थलों और धार्मिक प्रतीकों का सम्मान करती है तथा इस तरह की घटनाओं को बेहद गंभीरता से देखती है। सेना के अनुसार यह घटना कुछ सप्ताह पहले दक्षिणी लेबनान के देबेल गांव में हुई थी, जहां ईसाई समुदाय की आबादी अधिक है।

यह मामला ऐसे समय सामने आया है जब इसी गांव में इजराइली सैनिकों से जुड़े अन्य विवाद भी चर्चा में रहे हैं। इससे पहले अप्रैल में एक सैनिक पर यीशु मसीह की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगा था। उस मामले में भी सेना ने दो सैनिकों को हिरासत में लिया था और छह अन्य से पूछताछ की गई थी।

दक्षिणी लेबनान लंबे समय से तनाव का केंद्र बना हुआ है और वहां धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों पर संवेदनशीलता काफी अधिक है। स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों ने इस तरह की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पवित्र स्थलों के सम्मान की मांग की है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story