बम की धमकी से ग्रीस में इजराइली क्रूज जहाज की जांच, 1,500 से अधिक यात्री और चालक दल फंसे

WhatsApp Channel Join Now


एथेंस, 03 नवंबर (हि.स.)। ग्रीस के सायरोस द्वीप के बंदरगाह पर इजराइल संचालित क्रूज जहाज को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तलाशी अभियान चलाया। धमकी में दावा किया गया था कि जहाज के निचले हिस्से यानी बाहरी ढांचे से विस्फोटक उपकरण लगाया गया है। इस घटना के कारण 1,500 से अधिक यात्री और चालक दल के सदस्य जहाज पर ही फंसे रहे।

पनामा के झंडे वाला क्राउन आइरिस इजराइली कंपनी मानो मैरीटाइम द्वारा संचालित है। जहाज को 940 यात्रियों और 597 चालक दल के सदस्यों को लेकर हाइफा के लिए रवाना होना था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति की ओर से बम लगाए जाने की सूचना मिली, जिसके बाद अधिकारियों ने सुरक्षा जांच शुरू कर दी।

तटरक्षक बल के जवानों ने विस्फोटक पहचानने वाले प्रशिक्षित कुत्ते और एक निजी गोताखोर की मदद से जहाज की तलाशी ली। मौके पर तटरक्षक बल की विशेष इकाई भी तैनात की गई। शुरुआती जांच में कोई विस्फोटक उपकरण नहीं मिला। हालांकि, जहाज को रवाना करने से पहले रात 9:30 बजे विशेषज्ञों की टीम द्वारा विस्तृत जांच किए जाने की बात कही गई।

इस बीच, यूरोप में भी कम से कम सात उड़ानों को बम की धमकी मिलने से हवाई अड्डों पर अफरा-तफरी और परिचालन में व्यवधान पैदा हुआ। हालांकि, इन मामलों में भी किसी विस्फोटक उपकरण की पुष्टि नहीं हुई।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771996 Articles

Share this story