इजराइल गाजा युद्ध खत्म करने और बंधकों की रिहाई के लिए तत्काल वार्ता शुरू करेगा: नेतन्याहू

WhatsApp Channel Join Now

तेल अवीव, 22 अगस्त (हि.स.)। इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने गुरुवार को घोषणा की कि उनकी सरकार गाजा में दो साल से जारी युद्ध को समाप्त करने और सभी बंधकों की रिहाई के लिए तत्काल वार्ता शुरू करेगी, बशर्ते यह समझौता इजराइल के लिए स्वीकार्य हो।

गाज़ा में तैनात सैनिकों से बात करते हुए नेतन्याहू ने कहा, “मैंने बंधकों की रिहाई और युद्ध समाप्त करने के लिए तत्काल वार्ता शुरू करने के निर्देश दिए हैं। हम अब निर्णय लेने के चरण में हैं।” इस दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सेना गाजा सिटी पर कब्जे और हमास को परास्त करने की योजना को आगे बढ़ा रही है।

इस बीच, इजराइली सेना ने 60,000 रिजर्व सैनिकों को बुलाने का आदेश दिया, जिससे संकेत मिलता है कि सरकार सैन्य दबाव बनाए रखते हुए कूटनीतिक प्रयासों को आगे बढ़ा रही है।

इससे पहले, मध्यस्थ देशों ने एक अस्थायी युद्धविराम का प्रस्ताव रखा, जिसे हमास ने स्वीकार कर लिया है। इस प्रस्ताव में 60 दिन का युद्धविराम, 10 जीवित बंधकों और 18 शवों की रिहाई के बदले में इजराइल द्वारा लगभग 200 लंबे समय से कैद फिलिस्तीनी कैदियों की रिहाई शामिल है।

हालांकि, इजराइल का कहना है कि गाजा में मौजूद सभी 50 बंधकों को एक साथ रिहा किया जाना चाहिए। इजराइली अधिकारियों का अनुमान है कि इनमें से करीब 20 बंधक जीवित हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765798 Articles

Share this story