इजराइल ने अमेरिका की बोइंग कंपनी से 12 अपाचे हेलीकॉप्टर खरीदने का किया समझौता

WhatsApp Channel Join Now


तेल अवीव, 14 अक्टूबर (हि.स.)। इजराइल ने अपनी वायुसेना की क्षमता बढ़ाने के लिए अमेरिका से 12 उन्नत अपाचे लड़ाकू हेलीकॉप्टर खरीदने का समझौता किया है। इजराइल के रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को इसकी घोषणा की। इस सौदे के तहत अमेरिकी विमान निर्माता कंपनी बोइंग इजराइली वायुसेना को एएच-64ई अपाचे हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराएगी। इनकी आपूर्ति 2030 के दशक की शुरुआत में शुरू होने की उम्मीद है।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, सरकार ने इस खरीद के लिए मंत्रालय को एक अरब शेकेल की राशि हस्तांतरित करने की मंजूरी दी थी। इसके बाद हेलीकॉप्टरों की खरीद के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

समझौते के तहत इजराइल को अपाचे हेलीकॉप्टरों का ‘इको’ संस्करण मिलेगा, जिसे इस हेलीकॉप्टर का सबसे नया और उन्नत मॉडल बताया गया है। इस खरीद का उद्देश्य इजराइली रक्षा बलों की परिचालन क्षमता को मजबूत करना और विभिन्न प्रकार के सुरक्षा खतरों से निपटने की तैयारी बढ़ाना है।

इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने इस सौदे को देश की सैन्य क्षमता के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इससे इजराइली रक्षा बलों की परिचालन क्षमताएं मजबूत होंगी और आने वाले वर्षों में देश की सुरक्षा को लाभ मिलेगा।

इजराइली वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार, अपाचे हेलीकॉप्टरों की खरीद का फैसला सात अक्टूबर 2023 को हमास के हमले और उसके बाद गाजा पट्टी में हुई लड़ाई से मिले अनुभवों और सबक के मद्देनजर लिया गया है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761002 Articles

Share this story