(अपडेट) इजराइल ने चार लेबनानी बंदियों की रिहाई टाली, अब शुक्रवार सुबह होगा हस्तांतरण

WhatsApp Channel Join Now


बेरूत, 03 सितंबर (हि.स.)। इजराइल की जेलों में बंद चार लेबनानी नागरिकों को लेबनान को सौंपने की प्रक्रिया फिलहाल टाल दी गई है। लेबनानी प्रसारक एलबीसीआई के अनुसार, चारों बंदियों को अब शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे लेबनान को सौंपे जाने की उम्मीद है।

इन चारों की रिहाई इजराइल और लेबनान के बीच हुए एक समझौते का हिस्सा है। इसके तहत इजराइल पांच लेबनानी नागरिक बंदियों को रिहा करने पर सहमत हुआ है। बदले में लेबनान ने 1980 के दशक में अगवा कर मारे गए लेबनानी यहूदी समुदाय के प्रमुख लोगों के अवशेषों की तलाश और उन्हें वापस लाने के प्रयासों में सहयोग किया है।

पांच बंदियों में से पहले व्यक्ति मालेक गाजी को गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय रेड क्रॉस समिति की मदद से लेबनानी सेना को सौंप दिया गया। उन्हें दक्षिणी लेबनान के नाकूरा सीमा क्षेत्र में रेड क्रॉस के हवाले किया गया, जिसके बाद लेबनानी अधिकारियों ने उन्हें अपने कब्जे में ले लिया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बाकी चार बंदियों को गुरुवार शाम रिहा किया जाना था, लेकिन प्रक्रिया में देरी हो गई। अब उनके शुक्रवार सुबह हस्तांतरण की संभावना है।

दरअसल, अमेरिका की मध्यस्थता से हुए प्रयासों के बाद यह समझौता आगे बढ़ा है और दोनों देशों के बीच अन्य नागरिक मुद्दों पर भी बातचीत की उम्मीद जगी है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story