लेबनान पर इजराइली हमले सीजफायर से अलग: ट्रंप

WhatsApp Channel Join Now

वाशिंगटन, 08 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि लेबनान में इजराइल द्वारा किए जा रहे हमले हाल ही में घोषित अस्थायी युद्धविराम समझौते का हिस्सा नहीं हैं। उन्होंने इन हमलों को हिज़्बुल्लाह के साथ जारी “अलग झड़प” करार दिया।

मीडिया बातचीत के दौरान ट्रंप ने स्पष्ट किया कि दो सप्ताह के अस्थायी सीजफायर में लेबनान से जुड़ा मोर्चा शामिल नहीं किया गया था। उनके अनुसार, इस स्थिति के पीछे हिज़्बुल्लाह की भूमिका है और यह मुद्दा अलग से सुलझाया जाएगा।

इस बीच, अमेरिकी प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संकेत दिया कि इजराइल ने वार्ता जारी रहने के दौरान अपने व्यापक बमबारी अभियान को सीमित करने पर सहमति जताई है। हालांकि, ट्रंप के बयान से यह स्पष्ट होता है कि लेबनान में इजराइली कार्रवाई फिलहाल जारी रह सकती है।

विशेषज्ञों का मानना है कि यह स्थिति क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा सकती है, क्योंकि लेबनान-इजराइल सीमा पर हिज़्बुल्लाह और इजराइली बलों के बीच लंबे समय से टकराव जारी है। ऐसे में सीजफायर के बावजूद अलग-अलग मोर्चों पर संघर्ष जारी रहना मध्य-पूर्व में शांति प्रयासों के लिए चुनौती बना हुआ है।

फिलहाल, अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर इस बात पर टिकी है कि क्या आने वाले दिनों में लेबनान से जुड़ा यह संघर्ष भी किसी व्यापक समझौते का हिस्सा बन पाएगा या नहीं।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story