पश्चिम एशिया संघर्ष के बीच इजराइल ने यूएई में तैनात किया आयरन डोम, बढ़ा सैन्य सहयोग
अबू धाबी, 27 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच इजराइल ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में अपना अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम आयरन डोम तैनात किया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह कदम ईरान के साथ चल रहे संघर्ष के दौरान उठाया गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यह फैसला इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और यूएई के राष्ट्रपति के बीच हुई बातचीत के बाद लिया गया। इसके तहत इजराइली सेना ने न केवल आयरन डोम सिस्टम बल्कि इंटरसेप्टर टीम भी यूएई में तैनात की।
बताया जा रहा है कि संघर्ष के दौरान ईरान ने यूएई को निशाना बनाते हुए बड़ी संख्या में मिसाइल और ड्रोन हमले किए।
यूएई ने दावा किया कि उसने अधिकांश हमलों को हवा में ही निष्क्रिय कर दिया, हालांकि कुछ हमले सैन्य और नागरिक ठिकानों तक पहुंचने में सफल रहे।
यह पहली बार है जब इजराइल ने अपने आयरन डोम सिस्टम को किसी दूसरे देश में सक्रिय ऑपरेशन के लिए तैनात किया है। इस कदम को क्षेत्रीय सुरक्षा सहयोग के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दरअसल, वर्ष 2020 में हुए अब्राहम समझौता के बाद से इजराइल और यूएई के बीच रक्षा और रणनीतिक संबंध लगातार मजबूत होते गए हैं। मौजूदा घटनाक्रम इस साझेदारी को और गहराई देने का संकेत देता है।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

