इजराइल का ईरान की साउथ पार्स गैस फील्ड पर हमला, क्षेत्र में तनाव और बढ़ा

WhatsApp Channel Join Now

तेहरान/यरूशलम, 08 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच इजराइल ने एक बार फिर ईरान की रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण साउथ पार्स गैस फील्ड पर मिसाइल हमला किया है। यह गैस फील्ड दुनिया की सबसे बड़ी प्राकृतिक गैस भंडारों में गिनी जाती है और ईरान तथा कतर के बीच फैली हुई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार सोमवार को किए गए इस हमले में गैस फील्ड के कुछ हिस्सों को निशाना बनाया गया। इससे पहले 18 मार्च को भी इसी गैस फील्ड पर हमला हुआ था, जिसने वैश्विक ऊर्जा बाजार और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी थीं।

इस मुद्दे पर पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि उन्हें ऐसे हमलों की जानकारी नहीं थी और इस तरह की कार्रवाई से बचना चाहिए। हालांकि, ताजा हमले के बाद अभी तक अमेरिका की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

इसी बीच जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों के पास भी विस्फोटों की खबर सामने आई है। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हमलों का निशाना अमेरिकी सैन्य प्रतिष्ठान हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

माना जा रहा है कि ऊर्जा ढांचे पर हमले और क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों के बढ़ने से हालात और गंभीर हो सकते हैं। इससे न केवल पश्चिम एशिया की सुरक्षा स्थिति प्रभावित होगी, बल्कि वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति पर भी इसका असर पड़ सकता है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story