इजराइल में ईरान के मिसाइल हमले में 200 लोग मारे गए, आईआरजीसी का दावा

WhatsApp Channel Join Now
इजराइल में ईरान के मिसाइल हमले में 200 लोग मारे गए, आईआरजीसी का दावा


तेहरान, 22 मार्च (हि.स.)। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने रविवार तड़के अमेरिका और इजराइल के खिलाफ 'ट्रू प्रॉमिस-4' सैन्य अभियान की 73वीं लहर शुरू की। आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, इजराइल के अंदरूनी हिस्सों और इस क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर किए गए मिसाइल और ड्रोन हमलों की इस नई लहर में 200 से ज्यादा लोग मारे गए और कुछ अन्य घायल हो गए।

ईरान की सरकारी न्यूज एजेंसी मेहर की रिपोर्ट के अनुसार,आईआरजीसी ने इस नई लहर को इमाम अली सैन्य अभियान नाम दिया है। आईआरजीसी ने बताया कि इजराइल के कब्जे वाले दक्षिणी फ्लिस्तीनी इलाकों में अराद, डिमोना, एलात, बीर शेवा और किर्यातगत में मौजूद सैन्य ठिकानों और सुरक्षा केंद्रों को ईरान की फतह, कुद्र और इमाद मिसाइलों और विनाशकारी ड्रोनों से सटीक हमला किया गया।

इसके अलावा इस क्षेत्र में अमेरिकी सेना के अली अल-सलेम,अल-मिन्हाद और अल-धफ़्रा स्थित वायुसेना के ठिकानों को भी निशाना बनाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी सशस्त्र बलों के इस आक्रामक अभियान के शुरुआती घंटों में ही 200 से ज्यादा लोग मारे गए और अन्य घायल हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story