ईरान के साथ युद्ध के बीच इजराइल ने सेना के लिए आपात बजट को मंजूरी दी

WhatsApp Channel Join Now


यरुशलम, 15 मार्च (हि.स.)। ईरान के साथ जारी संघर्ष के तीसरे सप्ताह में प्रवेश करने के बीच इज़राइल सरकार ने सैन्य जरूरतों के लिए 2.6 अरब शेकेल (करीब 1.06 अरब डॉलर सिंगापुर) के आपात बजट को मंजूरी दे दी है। इजराइली मीडिया रिपोर्टों के अनुसार यह फैसला सप्ताहांत में कैबिनेट मंत्रियों की टेलीफोन बैठक में लिया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक यह अतिरिक्त बजट “सुरक्षा संबंधी खरीद” और सेना की तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए खर्च किया जाएगा। हालांकि सरकार ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस राशि से कौन-कौन से उपकरण या हथियार खरीदे जाएंगे।

वित्त मंत्रालय के एक दस्तावेज में कहा गया है कि मौजूदा लड़ाई की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त धनराशि देना आवश्यक हो गया है। दस्तावेज के अनुसार सेना को तत्काल संचालन क्षमता बनाए रखने के लिए गोला-बारूद की खरीद, उन्नत हथियार प्रणालियों की व्यवस्था और महत्वपूर्ण सैन्य भंडार को फिर से भरने की जरूरत है।

सरकार के मुताबिक यह एक असाधारण आपात निर्णय है, जिसका उद्देश्य केवल युद्ध के दौरान उत्पन्न जरूरतों को पूरा करना है। यह राशि देश के कुल 222 अरब डॉलर के राज्य बजट से ली जाएगी, जिसे 12 मार्च को मंजूरी दी गई थी। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार इस प्रस्ताव को 31 मार्च तक संसद में भी औपचारिक स्वीकृति मिलने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की सरकार ने अभी तक इस फैसले पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है और न ही यह बताया है कि किन सैन्य खरीद पर खर्च किया जाएगा।

इजराइल और अमेरिका की ओर से 28 फरवरी से शुरू हुए हमलों के बाद से ईरान की ओर से इजराइल पर लगातार बैलिस्टिक मिसाइलें दागी जा रही हैं। इजराइली सेना का दावा है कि उसकी मिसाइल रक्षा प्रणाली ने अधिकांश मिसाइलों को हवा में ही रोक दिया है।

सुरक्षा अधिकारियों के हवाले से बताया गया है कि 13 मार्च तक ईरान की ओर से लगभग 250 बैलिस्टिक मिसाइलें इजराइल की तरफ दागी जा चुकी थीं। इजराइली अधिकारियों और राहतकर्मियों के आंकड़ों के अनुसार इस संघर्ष में अब तक मिसाइल हमलों या उनके मलबे से इज़राइल में कम से कम 12 लोगों की मौत हो चुकी है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story