इजराइल ने सोमालीलैंड के पहले राजदूत की नियुक्ति स्वीकार की, अपना दूत भेजने की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now

यरुशलम, 25 फरवरी (हि.स.)। इजराइल ने सोमालीलैंड के पहले राजदूत के रूप में मोहम्मद हाजी की नियुक्ति को औपचारिक रूप से स्वीकार कर लिया है। यह जानकारी विदेश मंत्रालय ने अब्दिरहमान मोहम्मद अब्दुल्लाही के कार्यालय को भेजे गए एक पत्र के माध्यम से दी।

मोहम्मद हाजी वर्तमान में सोमालीलैंड के राष्ट्रपति के सलाहकार के रूप में कार्यरत हैं और वे इजराइल–सोमालीलैंड संबंधों के प्रबल समर्थक रहे हैं। इजराइल के विदेश मंत्रालय ने संकेत दिया है कि वह भी जल्द ही इस अफ्रीकी क्षेत्र में अपना राजदूत नियुक्त करेगा।

इसी क्रम में इजराइल की अंतरराष्ट्रीय विकास एजेंसी 'माशव' इस सप्ताह सोमालीलैंड के जल प्राधिकरण के अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसे दोनों पक्षों के बीच सहयोग बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

गौरतलब है कि दिसंबर में इज़राइल सोमालीलैंड की स्वतंत्रता को मान्यता देने वाला दुनिया का पहला देश बना था। सोमालीलैंड ने 1991 में सोमालिया से अलग होकर स्वयं को स्वायत्त घोषित किया था और तब से अंतरराष्ट्रीय मान्यता पाने का प्रयास कर रहा है।

------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story