ब्रिटेन के एयरबेस पर संदिग्ध साजिश के पीछे ईरान की भूमिका की आशंका: बर्नहैम

WhatsApp Channel Join Now

लंदन, 12 अक्टूबर (हि.स.)। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री एंडी बर्नहैम ने सोमवार को कहा कि देश के आरएएफ फेयरफोर्ड एयरबेस को निशाना बनाने की संदिग्ध साजिश के पीछे ईरान की भूमिका होने की प्रबल आशंका है। उन्होंने कहा कि इस साजिश का निर्देश लगभग निश्चित रूप से ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दिया होगा। हालांकि, ईरान ने इस घटना में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया है।

ब्रिटिश संसद में बयान देते हुए बर्नहैम ने कहा कि सरकार के आकलन के अनुसार, साजिश का समन्वय ईरान में किए जाने की काफी संभावना है और इसके पीछे आईआरजीसी का हाथ होने की आशंका है। उन्होंने चेतावनी दी कि ब्रिटेन अपनी धरती पर ऐसे खतरों को बर्दाश्त नहीं करेगा और ईरान से जुड़े कथित आपराधिक नेटवर्क तथा उनके वित्तीय स्रोतों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।

प्रधानमंत्री ने कहा कि ब्रिटेन ईरान और आईआरजीसी की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए नए प्रतिबंध भी लगाएगा, ताकि देश को नुकसान पहुंचाने की उनकी क्षमता सीमित की जा सके।

ईरान ने फेयरफोर्ड एयरबेस की घटना में शामिल होने के आरोपों को खारिज करते हुए इन्हें निराधार और दुर्भावनापूर्ण अटकलें बताया है।

------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759787 Articles

Share this story