इराक ने सीरिया और ईरान से लगे कुर्दिस्तान क्षेत्र के दो सीमा मार्ग किए बंद

WhatsApp Channel Join Now


बगदाद, 26 नवंबर (हि.स.)। इराक ने कुर्दिस्तान क्षेत्र में सीरिया और ईरान से लगे दो प्रमुख सीमा मार्गों को बंद कर दिया है। इन सीमा चौकियों का संचालन कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार (केआरजी) के प्रशासन के तहत होता था। इराकी सरकारी मीडिया के अनुसार, यह कदम अर्ध-स्वायत्त कुर्दिस्तान क्षेत्र पर केंद्र सरकार का नियंत्रण मजबूत करने की कोशिशों का हिस्सा है।

इराकी सीमा बलों के कमांडर ने इराकी समाचार एजेंसी को बताया कि सीरिया से लगी अल-वलीद और ईरान से लगी बश्ता सीमा चौकियों को बंद कर दिया गया है। दोनों चौकियां कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार के प्रशासन वाले इलाके में स्थित हैं।

यह कार्रवाई बुधवार को इराक की सर्वोच्च अदालत के उस फैसले के बाद हुई है, जिसमें केंद्र सरकार को कुर्दिस्तान क्षेत्र सहित देश की सभी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं पर संघीय सुरक्षा बलों की तैनाती की अनुमति दी गई। इस फैसले से बगदाद को उन सीमा क्षेत्रों में भी अपनी सुरक्षा व्यवस्था लागू करने का अधिकार मिल गया है, जिनका प्रबंधन अब तक क्षेत्रीय सरकार के हाथों में था।

इससे पहले, मंगलवार को प्रधानमंत्री अली अल-जैदी ने संघीय अधिकारियों को कुर्दिस्तान क्षेत्रीय सरकार के नियंत्रण वाली सीमा चौकियों का संचालन अपने हाथ में लेने का आदेश दिया था। इसे इराक की केंद्र सरकार की ओर से रणनीतिक संसाधनों और महत्वपूर्ण ठिकानों पर नियंत्रण बढ़ाने की व्यापक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783884 Articles

Share this story