ईरान के केशम द्वीप के आसपास धमाके, होर्मुज में हालात नाजुक

WhatsApp Channel Join Now
ईरान के केशम द्वीप के आसपास धमाके, होर्मुज में हालात नाजुक


ईरान के केशम द्वीप के आसपास धमाके, होर्मुज में हालात नाजुक


तेहरान/वाशिंगटन, 07 अगस्त (हि.स.)। ईरान के केशम द्वीप के आसपास हुए ताजा धमाकों से होर्मुज जलडमरूमध्य में हालात फिर से नाजुक हो गए हैं। यह धमाके एक तरह से तेहरान के लिए चेतावनी हैं। ईरान इस समय दुश्मन के जहाजों पर रोक लगाने के लिए विधेयक तैयार कर रहा है। ईरानी संसद ने होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण मजबूत करने के लिए प्रस्तावित विधेयक पर चर्चा की है। प्रस्तावित विधेयक के अनुसार, अमेरिका और इजराइल जैसे देशों के जहाजों के इस जलमार्ग से गुजरने पर रोक लगाई जाएगी। इस नियम का उल्लंघन करने पर जुर्माना वसूला जाएगा।

गल्फ न्यूज और अल जजीरा की रिपोर्ट में ईरान की समाचार एजेंसी तस्नीम के हवाले से यह जानकारी दी गई है। इस बीच ईरानी संसद के अध्यक्ष और मुख्य वार्ताकार मोहम्मद बागेर गालिबफ ने सोशल मीडिया पर ईरान और अमेरिका के बीच भरोसे की कमी के मुद्दे पर फिर से टिप्पणी की है। उन्होंने वाशिंगटन पर कभी सैन्य धमकी देने तो कभी कूटनीति की बात करने का आरोप लगाया है। ईरान के खुफिया मंत्रालय ने घोषणा की है कि किरमान प्रांत में इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए काम करने के आरोप में 21 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार रात ईरान के होर्मोजगन प्रांत में स्थित दक्षिणी केशम द्वीप पर दो धमाके हुए हैं। यह धमाके होर्मोज जलडमरूमध्य के प्रवेश द्वार पर किए गए। बताया गया है कि इससे पहले ईरानी सशस्त्र बलों की दुश्मन की सेना के साथ मुठभेड़ हई। होर्मोजगन के राजनीतिक, सुरक्षा और सामाजिक मामलों के डिप्टी गवर्नर अहमद नफीसी के हवाले से कहा गया है कि अधिकारी धमाकों की वजह पता लगाने के लिए जांच कर रहे हैं।

इससे पहले गुरुवार दिन में सऊदी अरब के अल-हदाथ और अल-अरबिया न्यूज चैनल ने खबर दी कि ईरान और ओमान के बीच होर्मुज जलडमरूमध्य को 60 दिनों के लिए फिर से खोलने के समझौते की रूपरेखा पर सहमति बन गई है। चीन की शिन्हुआ समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, इस समझौते को अभी ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की मंजूरी मिलनी बाकी है।

इस समझौते के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रवेश करने वाले जहाज ईरान के पास वाले रास्ते का इस्तेमाल करेंगे। बाहर निकलने वाले जहाज ओमान के नजदीक वाले रास्ते से गुजरेंगे। इनसे कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। परिषद की मंजूरी मिलने के बाद अमेरिका और ईरान अपने शांति समझौते पर लौटते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य से कमर्शियल जहाजो की सुरक्षित आवाजाही और उसे फिर से खोलने की घोषणा करेंगे।

कहा जा रहा है कि ईरान और अमेरिका के बीच मध्यस्थों के जरिए संपर्क बना हुआ है। यह बातचीत अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उम्मीद जताई है कि ईरान के साथ जंग जल्द खत्म हो जाएगी। इस बीच ईरान ने तेहरान में आंतरिक सुरक्षा बढ़ा दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story