ईरान की नोबेल विजेता नरगिस मोहम्मदी की हालत गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
ईरान की नोबेल विजेता नरगिस मोहम्मदी की हालत गंभीर


तेहरान, 04 मई (हि.स.)। ईरान की नोबेल शांति पुरस्कार विजेता नरगिस मोहम्मदी की तबीयत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है। उनके परिवार ने कहा है कि उन्हें दिल से जुड़ी गंभीर समस्या है और तत्काल विशेष चिकित्सा देखभाल की जरूरत है।

मोहम्मदी के भाई हामिदरेजा मोहम्मदी के अनुसार, उन्हें तेज सिरदर्द, उल्टी और सीने में दर्द जैसी शिकायतें हो रही हैं। उन्होंने बताया कि मौजूदा अस्पताल में पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं, जिससे उनकी हालत लगातार बिगड़ती जा रही है। परिवार का कहना है कि डॉक्टरों ने भी उनकी स्थिति को चिंताजनक बताया है और उचित इलाज के लिए कम से कम एक महीने तक जेल से बाहर रखने की सलाह दी है।

परिजनों ने मांग की है कि नरगिस मोहम्मदी को तेहरान में उनके निजी डॉक्टरों के पास भेजा जाए, जहां पहले उनका इलाज हो चुका है। उनका मानना है कि बेहतर चिकित्सा सुविधाएं ही उनकी जान बचा सकती हैं।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने भी इस मामले पर ध्यान दिया है। नॉर्वेजियन नोबेल कमेटी ने ईरान सरकार से अपील की है कि मोहम्मदी को तत्काल उचित इलाज उपलब्ध कराया जाए और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को प्राथमिकता दी जाए।

मानवाधिकार संगठनों का भी कहना है कि गंभीर रूप से बीमार कैदियों को आवश्यक चिकित्सा सुविधा देना बुनियादी मानवाधिकार का हिस्सा है। ऐसे में मोहम्मदी के मामले को लेकर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि नरगिस मोहम्मदी लंबे समय से मानवाधिकारों और महिलाओं के अधिकारों की आवाज उठाती रही हैं, जिसके चलते उन्हें कई बार गिरफ्तार किया जा चुका है। उनकी बिगड़ती सेहत ने एक बार फिर ईरान में कैदियों की चिकित्सा व्यवस्था और मानवाधिकारों की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story