ईरान युद्ध पर अमेरिकी रक्षा मंत्री का बयान, आलोचना करने वाले सांसदों को बताया “सबसे बड़ा विरोधी”

WhatsApp Channel Join Now


वॉशिंगटन, 29 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने ईरान के साथ जारी युद्ध को लेकर अमेरिकी संसद में तीखा बयान दिया है। कांग्रेस में सुनवाई के दौरान उन्होंने प्रशासन की आलोचना करने वाले सांसदों को “सबसे बड़ा विरोधी” करार दिया।

हेगसेथ ने कहा कि इस समय सबसे बड़ी चुनौती बाहरी नहीं, बल्कि आंतरिक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ सांसदों—खासतौर पर डेमोक्रेट्स और कुछ रिपब्लिकन—के “गैर-जिम्मेदार और निराशावादी बयान” युद्ध प्रयासों को कमजोर कर रहे हैं। यह उनकी ईरान युद्ध शुरू होने के बाद पहली संसदीय गवाही थी।

रक्षा मंत्री ने यह भी तर्क दिया कि मौजूदा संघर्ष की अवधि अभी तक अपेक्षाकृत कम रही है। उन्होंने इसकी तुलना इराक युद्ध, अफगानिस्तान युद्ध और वियतनाम युद्ध जैसे लंबे युद्धों से करते हुए कहा कि वर्तमान युद्ध अभी शुरुआती चरण में है।

हेगसेथ ने कहा, “हम इस अभियान पर गर्व करते हैं,” और जोर दिया कि प्रशासन अपने उद्देश्यों को लेकर प्रतिबद्ध है। हालांकि, उन्होंने युद्ध की आगे की रणनीति या संभावित समयसीमा पर विस्तृत जानकारी साझा नहीं की।

उल्लेखनीय है कि ईरान के साथ जारी संघर्ष को लेकर अमेरिकी कांग्रेस में राय बंटी हुई है, जहां एक पक्ष इसे आवश्यक कदम मानता है, तो दूसरा पक्ष इसके दीर्घकालिक प्रभावों और रणनीति पर सवाल उठा रहा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story