ईरान ने मध्य पूर्व के अमेरिकी-इजराइली विश्वविद्यालयों पर हमले की धमकी दी

WhatsApp Channel Join Now
ईरान ने मध्य पूर्व के अमेरिकी-इजराइली विश्वविद्यालयों पर हमले की धमकी दी


तेहरान, 29 मार्च (हि.स.)। ईरान ने मध्य पूर्व स्थित इजराइली और अमेरिकी विश्वविद्यालयों पर हमले करने की धमकी दी है। उधर, यमन के हूती विद्रोहियों ने ईरान के समर्थन में इजराइल पर मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया है। ईरान ने कहा है कि इजराइल और अमेरिका देश पर लगातार हमले कर रहे हैं। बुशेहर प्रांत और खुजेस्तान प्रांत में हुए हमले का हर हाल में बदला लिया जाएगा।

अल जजीरा चैनल की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका और इजराइल के बुशेहर प्रांत में किए गए हमले में एक परिवार के चार सदस्य मारे गए। दोनों देशों ने खुजेस्तान प्रांत में एक जल सुविधा पर हमला किया। इसके जवाब में, तेहरान ने मध्य पूर्व में स्थित इजराइली और अमेरिकी विश्वविद्यालयों पर जवाबी हमला करने की धमकी दी है। इसके अलावा यमन के हूती विद्रोहियों ने इजराइल पर मिसाइलों और ड्रोन से दूसरा हमला किया है।

अल जजीरा का दावा है कि इजराइल के तेल अवीव और अमेरिकी शहरों में प्रदर्शनकारी ईरान के खिलाफ युद्ध का विरोध करने के लिए रैलियां कर रहे हैं। वहीं, लेबनान में लोग इजराइल के हमले में तीन पत्रकारों को मारे जाने के विरोध में बेरूत की सड़कों पर उतर आए हैं। ईरान के जवाबी हमलों से इजराइल और खाड़ी क्षेत्र में जान-माल का नुकसान हुआ है। एल्युमीनियम बहरीन और एमिरेट्स ग्लोबल एल्युमीनियम ने अपनी सुविधाओं पर हमले होने की जानकारी दी है।

ईरान के प्रेस टीवी ने कहा कि शनिवार को हमले में इजराइली रडार सेंटर और एयरपोर्ट को निशाना बनाया गया। यह हमला इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी), ईरानी सेना और मध्य-पूर्व में तेहरान के सहयोगियों ने संयुक्त रूप से किया। ईरान ने दावा किया है कि हमले में आईआरजीसी ने एक अमेरिकी एमक्यू 9 ड्रोन को मार गिराया और एक एफ-16 लड़ाकू विमान को भी निशाना बनाया।

ईरानी सेना ने हाइफा बंदरगाह शहर में इजराइली सैन्य एयरोस्पेस कॉम्प्लेक्स में स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक युद्ध और रडार सेंटर को निशाना बनाया। इस सेंटर को इजराइली रक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी चलाती है;।साथ ही डेविड बेन गुरियन एयरपोर्ट पर एक ईंधन भंडारण केंद्र को भी निशाना बनाया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Share this story