अमेरिका के साथ सैन्य संघर्ष समाप्त करने के समझाैते से ईरान ने इन्कार नहीं किया

WhatsApp Channel Join Now


तेहरान/मॉस्को, 13 जून (हि.स.)। ईरान ने अमेरिका के साथ जारी सैन्य संघर्ष को पूरी तरह समाप्त करने के लिए तैयार किए जा रहे सहमति पत्र (एमओयू) पर आगामी कुछ दिनों के भीतर हस्ताक्षर होने की संभावना से इनकार नहीं किया है।

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने शनिवार को सरकारी प्रसारण सेवा से बातचीत में कहा, यदि हम समझौते पर हस्ताक्षर होने के सटीक समय की बात करें, तो हमें थोड़ा और इंतजार करना होगा। भले ही यह कल न हो, लेकिन आगामी कुछ दिनों के भीतर इसके संपन्न होने की पूरी संभावना है और इससे इनकार नहीं किया जा सकता।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल ने तेहरान सहित ईरान के कई रणनीतिक ठिकानों पर भीषण हवाई हमले किए थे, जिसमें बड़े पैमाने पर संपत्ति का नुकसान हुआ था और कई नागरिक मारे गए थे। इसके जवाब में ईरान ने भी इजरायली क्षेत्र और पश्चिम एशिया में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले किए थे।

दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए वाशिंगटन और तेहरान ने लंबी कूटनीतिक बातचीत के बाद बीते 7 अप्रैल को युद्धविराम की घोषणा की थी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में शांति वार्ता का दौर शुरू हुआ था, जो बिना किसी ठोस नतीजे या बड़े समझौते के समाप्त हो गया था।

वर्तमान में ईरान और अमेरिका के बीच पर्दे के पीछे एक जटिल बातचीत की प्रक्रिया चल रही है, जिसका मुख्य उद्देश्य इस संघर्ष को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए एक रूपरेखा (फ्रेमवर्क) तैयार करना है। हालांकि, कूटनीतिक वार्ताओं के बीच दोनों पक्षों की ओर से अब भी गाहे-बगाहे छिटपुट हमले जारी हैं, जिससे क्षेत्र में अस्थिरता बनी हुई है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

Share this story