युद्धविराम प्रस्ताव पर अमेरिकी जवाब से संतुष्ट नहीं ईरान, होर्मुज खोलने से इनकार

WhatsApp Channel Join Now
युद्धविराम प्रस्ताव पर अमेरिकी जवाब से संतुष्ट नहीं ईरान, होर्मुज खोलने से इनकार


तेहरान, 03 नवंबर (हि.स.)। ईरान के शीर्ष सुरक्षा अधिकारी मोहसिन रजाई ने कहा है कि युद्धविराम के प्रस्ताव पर अमेरिका का जवाब संतोषजनक नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान की सात शर्तों को पूरी तरह और स्पष्ट रूप से स्वीकार किए जाने तक होर्मुज जलडमरूमध्य को जहाजों की आवाजाही के लिए नहीं खोला जाएगा।

रजाई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि अमेरिका ने ईरान के अधिकारों और मांगों पर जो जवाब दिया है, वह भरोसेमंद नहीं है। उन्होंने कहा कि अमेरिका को ईरान की सभी सात शर्तों पर स्पष्ट रुख अपनाने के साथ उन्हें लागू भी करना होगा। इसके बाद ही होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने पर विचार किया जाएगा।

ईरान की प्रमुख मांगों में युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करना, गाजा में हमास और लेबनान में हिजबुल्ला के खिलाफ इजराइली सैन्य कार्रवाई रोकना, ईरान पर अमेरिकी नाकेबंदी हटाना और पश्चिम एशिया से अमेरिकी सैन्य बलों की वापसी शामिल है। इसके अलावा तेहरान ने आर्थिक प्रतिबंध हटाने, युद्ध में हुए नुकसान के लिए मुआवजा देने और होर्मुज जलडमरूमध्य से समुद्री आवाजाही के लिए ईरान की ओर से तय की जाने वाली नई व्यवस्था को मान्यता देने की मांग भी रखी है।

होर्मुज जलडमरूमध्य वैश्विक तेल और गैस आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम समुद्री मार्ग है। ऐसे में इसे खोलने या बंद रखने को लेकर ईरान का रुख क्षेत्रीय तनाव के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार पर भी असर डाल सकता है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771996 Articles

Share this story