लेबनान में सीजफायर पर जोर, ईरान ने कहा- बातचीत भी संघर्ष का हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now

तेहरान/इस्लामाबाद, 11 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने लेबनान में तत्काल युद्धविराम की आवश्यकता पर जोर दिया है। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बघई ने कहा कि क्षेत्र में शांति स्थापित करने के लिए सीजफायर बेहद जरूरी है और इस मुद्दे को पाकिस्तान के समक्ष भी प्रमुखता से उठाया गया है।

ईरानी पक्ष के अनुसार, हाल ही में उनके प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान के नेताओं के साथ हुई बातचीत में सबसे पहले लेबनान की स्थिति पर चर्चा की। ईरान ने स्पष्ट किया कि वहां जारी हमलों को जल्द से जल्द रोका जाना चाहिए, ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और क्षेत्र में स्थिरता लौट सके।

इस्माईल बघई ने यह भी कहा कि कूटनीतिक बातचीत किसी भी संघर्ष का अहम हिस्सा होती है। उनके मुताबिक, वार्ता और संवाद के जरिए ही दीर्घकालिक समाधान निकाला जा सकता है, इसलिए दोनों प्रक्रियाएं—संघर्ष और बातचीत—साथ-साथ चलती हैं।

हालांकि, जमीनी स्थिति इस अपील के विपरीत नजर आ रही है। इजराइल ने हालिया सीजफायर के बावजूद लेबनान में अपने हमले जारी रखे हैं। इससे क्षेत्र में तनाव कम होने के बजाय और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।

इससे पहले, पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में यह दावा किया था कि सीजफायर समझौते में लेबनान भी शामिल है, लेकिन मौजूदा हालात इस दावे की पुष्टि नहीं करते। लगातार हो रहे हमलों से यह स्पष्ट है कि युद्धविराम का प्रभाव सभी मोर्चों पर समान रूप से लागू नहीं हो पा रहा है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story