ईरान ने अमेरिका के साथ हुए समझौते से पीछे हटने का ऐलान किया
- ट्रम्प परिवार को निशाना बनाकर लगाया विवादित होर्डिंग
तेहरान, 18 जुलाई (हि.स.)। ईरान ने अमेरिका के साथ करीब एक महीने पहले हुए समझौते से पीछे हटने की घोषणा कर दी है। ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि अमेरिका ने स्वयं समझौते का उल्लंघन किया है, इसलिए तेहरान अब उसकी शर्तों का पालन नहीं करेगा।
दोनों देशों के बीच यह समझौता कई सप्ताह तक चले सैन्य तनाव के बाद हुआ था, जिससे व्यापक वार्ता की उम्मीद जगी थी। हालांकि हाल के दिनों में दोनों पक्षों के बीच फिर से हमले और तनाव बढ़ने के बाद यह समझौता लगभग निष्प्रभावी हो गया है। पिछले सप्ताह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा था कि उन्हें लगता है कि ईरान के साथ हुआ युद्धविराम अब समाप्त हो चुका है।
इस बीच, तेहरान में एक नया विवादित होर्डिंग लगाया गया है, जिसमें अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और उनके परिवार के सदस्यों को ताबूतों में दिखाया गया है। ताबूतों पर अमेरिकी झंडा लिपटा हुआ है और पृष्ठभूमि में व्हाइट हाउस को आग की लपटों में घिरा दर्शाया गया है। होर्डिंग पर फ़ारसी भाषा में खून के बदले खून का नारा भी लिखा गया है।
होर्डिंग में ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप और उनके पांचों बच्चों की तस्वीरें भी दिखाई गई हैं। यह दूसरी बार है जब ईरान में सार्वजनिक रूप से ट्रंप को निशाना बनाते हुए ऐसा होर्डिंग लगाया गया है। इससे पहले तेहरान के एंगेलाब स्क्वायर में भी ट्रम्प को ताबूत में दिखाने वाला एक पोस्टर लगाया गया था।
----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

