यूरेनियम संवर्धन रोकने की जर्मनी की मांग ईरान ने ठुकराई, आईएईए की टिप्पणी पर भी जताई आपत्ति

WhatsApp Channel Join Now


तेहरान, 15 नवंबर (हि.स.)। ईरान ने यूरेनियम संवर्धन रोकने की जर्मनी की मांग खारिज करते हुए कहा है कि परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) का सदस्य होने के नाते उसे यूरेनियम संवर्धन का अधिकार है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि यह अधिकार जर्मनी, फ्रांस या किसी अन्य देश ने ईरान को नहीं दिया है।

बघाई ने संयुक्त राष्ट्र की परमाणु निगरानी संस्था अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) की भी आलोचना की। उन्होंने मध्य ईरान के इस्फहान शहर में संभावित नए यूरेनियम संवर्धन केंद्र को लेकर एजेंसी की टिप्पणियों को ‘गैर-तकनीकी अटकलें’ करार दिया।

ईरानी प्रवक्ता ने दावा किया कि अमेरिका और इजराइल के साथ युद्ध के दौरान आईएईए की ईरान के परमाणु केंद्रों तक पहुंच बाधित हो गई थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि ईरान ने परमाणु सुरक्षा उपायों से जुड़ी अपनी प्रतिबद्धताएं निलंबित नहीं की हैं।

बघाई से संभावित नए हमलों के जवाब में ईरान की कार्रवाई को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने कहा कि ईरान किसी भी हमले का जवाब दिए बिना नहीं छोड़ेगा।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777648 Articles

Share this story