इस्लामाबाद में ईरान-पाकिस्तान वार्ता समाप्त, क्षेत्रीय हालात और युद्धविराम पर चर्चा

WhatsApp Channel Join Now

इस्लामाबाद, 25 अप्रैल (हि.स.)। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बीच इस्लामाबाद में उच्चस्तरीय बैठक संपन्न हो गई। बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा हालात, संभावित युद्धविराम और कूटनीतिक प्रयासों पर विस्तृत चर्चा की गई।

विदेश मंत्री अराघची अपने क्षेत्रीय दौरे के तहत पाकिस्तान पहुंचे थे और इस दौरान उन्होंने पाकिस्तानी नेतृत्व के साथ कई दौर की बातचीत की। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में मौजूदा संघर्ष को समाप्त करने के उपायों पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक के बाद ईरानी प्रतिनिधिमंडल इस्लामाबाद से रवाना हो गया। दिनभर चली उच्चस्तरीय बैठकों के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने पाकिस्तान के शीर्ष नेताओं से मुलाकात कर क्षेत्रीय स्थिति का आकलन किया और संभावित समाधान पर विचार-विमर्श किया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान ने अमेरिका और इजराइल के साथ जारी तनाव को समाप्त करने के लिए अपनी शर्तें पाकिस्तान को सौंप दी हैं। इसके साथ ही, अराघची ने अमेरिकी पक्ष की मांगों पर अपनी आपत्तियां भी स्पष्ट रूप से रखीं।

इस महत्वपूर्ण बैठक में पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री इशाक डार और सेना प्रमुख आसिम मुनीर भी मौजूद रहे। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की कूटनीतिक पहल क्षेत्र में तनाव कम करने की दिशा में अहम भूमिका निभा सकती है।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story