ईरान-पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों की बातचीत, क्षेत्रीय तनाव के बीच संवाद पर जोर
तेहरान/इस्लामाबाद, 19 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान और पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व के बीच कूटनीतिक संपर्क तेज हो गए हैं। इसी क्रम में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची और पाकिस्तान के विदेश मंत्री मोहम्मद इशाक डार के बीच रविवार को फोन पर अहम बातचीत हुई।
दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय हालात पर चर्चा की, खासकर अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच जारी तनावपूर्ण स्थिति पर। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत के दौरान इस बात पर जोर दिया गया कि मौजूदा संकट का समाधान केवल निरंतर संवाद और कूटनीतिक प्रयासों के जरिए ही संभव है।
इस वार्ता में दोनों पक्षों ने शांति और स्थिरता को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर सहमति जताई। उनका मानना है कि बातचीत और आपसी सहयोग से ही क्षेत्र में तनाव कम किया जा सकता है और व्यापक स्तर पर स्थायित्व स्थापित किया जा सकता है।
इसी कड़ी में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियान और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के बीच भी फोन पर बातचीत का प्रस्ताव है, जिससे दोनों देशों के बीच सहयोग और मजबूती की उम्मीद है।
यह कूटनीतिक गतिविधियां ऐसे समय में हो रही हैं जब डोनाल्ड ट्रंप ने घोषणा की है कि अमेरिका का एक प्रतिनिधिमंडल ईरान से जुड़े मुद्दों पर वार्ता के लिए सोमवार को इस्लामाबाद पहुंचेगा।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

