ईरान का ऐलान- फिलहाल बातचीत की कोई योजना नहीं, अमेरिकी हमलों का देंगे कड़ा जवाब

WhatsApp Channel Join Now

तेहरान, 15 जुलाई (हि.स.)। ईरान ने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल उसकी अमेरिका के साथ किसी भी तरह की वार्ता की कोई योजना नहीं है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने बुधवार को कहा कि देश की प्राथमिकता अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करना है और अमेरिकी हमलों का दृढ़ता से जवाब दिया जाएगा।

तेहरान में अयातुल्ला अली खामेनेई के दामाद की श्रद्धांजलि सभा के दौरान पत्रकारों से बातचीत में बघाई ने कहा, फिलहाल हमारी किसी वार्ता की योजना नहीं है। हमारा पूरा ध्यान देश की रक्षा पर केंद्रित है।

उन्होंने कहा कि यदि अमेरिका किसी समझौते के तहत अपनी जिम्मेदारियों का उल्लंघन करता है, तो ईरान भी ऐसे किसी समझौते का पालन नहीं करेगा। बघाई ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने संघर्ष विराम लागू होने के शुरुआती चरण से ही उसका सम्मान नहीं किया और अपने दायित्वों की अनदेखी की है।

इसी बीच ईरान की अर्द्ध-सरकारी समाचार एजेंसी मेहर ने दावा किया कि अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित हेंगाम द्वीप पर हवाई हमला किया है। हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है और अमेरिकी प्रशासन की ओर से भी इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story