ईरान ने इजराइल पर दागीं बैलिस्टिक मिसाइलें, 300 से अधिक लोग घायल

WhatsApp Channel Join Now


तेहरान/तेल अवीव, 22 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच ईरान ने इजराइल पर रविवार सुबह चार बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इन हमलों में 300 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं।

इससे पहले शनिवार रात को भी ईरान ने इजराइल के डिमोना और अराद शहरों को निशाना बनाया था। डिमोना में इजराइल का प्रमुख परमाणु संयंत्र स्थित है, जिसे लेकर सुरक्षा एजेंसियां पहले से सतर्क थीं।

यह हमले ऐसे समय में हुए हैं जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा था कि यदि 48 घंटे के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह नहीं खोला गया, तो अमेरिका ईरान के पावर प्लांट्स पर हमला करेगा, जिसकी शुरुआत सबसे बड़े संयंत्र से की जाएगी।

ईरान ने भी जवाबी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उसके ऊर्जा ढांचे को निशाना बनाया गया, तो वह पूरे पश्चिम एशिया में अमेरिका और इजराइल से जुड़े सभी ऊर्जा ठिकानों पर हमला करेगा।

लगातार हो रहे हमलों और चेतावनियों के बीच क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। ऐसे में अगर हालात जल्द नहीं सुधरे, तो यह संघर्ष और व्यापक रूप ले सकता है, जिससे वैश्विक सुरक्षा और ऊर्जा आपूर्ति पर गंभीर असर पड़ सकता है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story