ईरान में गहराया ऊर्जा संकट, गैस उत्पादन घटने से बिजली कटौती की आशंका

WhatsApp Channel Join Now

तेहरान, 28 जुलाई (हि.स.)। अमेरिका और इजराइल के साथ संघर्ष के बाद ईरान में ऊर्जा संकट गहराता जा रहा है। गैस उत्पादन में भारी गिरावट के कारण सरकार ने नागरिकों से ऊर्जा की बचत करने की अपील की है और आने वाले दिनों में बिजली कटौती की आशंका भी जताई है।

सरकारी प्रवक्ता फातेमेह मोहाजेरानी ने बताया कि युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान की प्राकृतिक गैस उत्पादन क्षमता में प्रतिदिन लगभग 23 करोड़ घन मीटर (230 मिलियन क्यूबिक मीटर) की कमी आई है। उन्होंने कहा कि गैस उत्पादन घटने से रिफाइनरियों और बिजलीघरों को पर्याप्त ईंधन उपलब्ध कराना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि ऊर्जा की बचत करना मौजूदा समय की आवश्यकता है, ताकि सीमित संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके और बिजली आपूर्ति को अधिक स्थिर बनाए रखा जा सके।

इस बीच, ईरान के चैंबर ऑफ कॉमर्स की ऊर्जा आयोग ने भी चेतावनी दी है कि देश में प्रतिदिन गैस की कमी बढ़कर 30 से 45 करोड़ घन मीटर तक पहुंच गई है। आयोग के अनुसार, ईरान इस समय 15,000 मेगावाट से अधिक बिजली की कमी का भी सामना कर रहा है, जबकि पेट्रोल का उत्पादन भी घरेलू मांग से कम है।

ऊर्जा आयोग के प्रमुख अराश नजाफी ने कहा कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो सरकार को सर्दियों के दौरान कुछ ग्रामीण क्षेत्रों में गैस आपूर्ति रोकनी पड़ सकती है। ऐसी स्थिति में प्रभावित गांवों को तरल ईंधन और आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराने की योजना पर विचार किया जा रहा है।

इससे पहले, ईरान के ऊर्जा मंत्रालय ने भी नागरिकों से एयर कंडीशनर का सीमित उपयोग करने की अपील की थी, ताकि विशेष रूप से दक्षिणी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बनाए रखी जा सके। इन इलाकों में हाल के दिनों में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है, जिससे बिजली की मांग में लगातार वृद्धि हो रही है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story