अमेरिका से वार्ता के लिए स्विट्जरलैंड जाएगा ईरानी प्रतिनिधिमंडल, पाकिस्तान-कतर निभाएंगे मध्यस्थ की भूमिका

WhatsApp Channel Join Now

तेहरान, 20 जून (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और हालिया कूटनीतिक घटनाक्रमों के बीच ईरान ने घोषणा की है कि उसका प्रतिनिधिमंडल जल्द ही अमेरिका के साथ वार्ता के लिए स्विट्जरलैंड जाएगा। ईरानी विदेश मंत्रालय के अनुसार, बातचीत का उद्देश्य दोनों पक्षों के बीच हुए समझौतों और प्रतिबद्धताओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करना होगा।

ईरानी मीडिया के मुताबिक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि तेहरान अपनी प्रतिबद्धताओं का पालन करता रहा है और अब दूसरी ओर से भी समझौते के प्रावधानों को लागू किए जाने की अपेक्षा है। उन्होंने यह भी कहा कि लेबनान में जारी सैन्य गतिविधियों और संघर्षविराम उल्लंघन के आरोपों को लेकर ईरान चिंतित है।

इस बीच ईरान की ओर से होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर हाल में किए गए बयानों ने क्षेत्रीय और वैश्विक स्तर पर चिंता बढ़ा दी है। ईरानी पक्ष का कहना है कि क्षेत्रीय समझौतों की शर्तों का पालन सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

वहीं, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने भी पुष्टि की है कि स्विट्जरलैंड में होने वाली तकनीकी स्तर की वार्ता में पाकिस्तान और कतर भी भाग लेंगे। दोनों देश मध्यस्थ की भूमिका निभाएंगे।

पाकिस्तान ने कहा कि वार्ता स्विट्जरलैंड के बर्गेनस्टॉक क्षेत्र में आयोजित की जाएगी और उसका उद्देश्य पहले से बने समझौतों और आपसी सहमतियों को आगे बढ़ाना है। पाकिस्तान ने यह भी दोहराया कि वह मध्यस्थ के रूप में अपनी भूमिका जारी रखेगा और क्षेत्रीय स्थिरता तथा संवाद को प्रोत्साहित करने का प्रयास करेगा।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story