ईरान के साथ हम अच्छी डील करेंगे या कोई समझौता नहीं, ट्रंप का तेहरान को संदेश

WhatsApp Channel Join Now
ईरान के साथ हम अच्छी डील करेंगे या कोई समझौता नहीं, ट्रंप का तेहरान को संदेश


ईरान के साथ हम अच्छी डील करेंगे या कोई समझौता नहीं, ट्रंप का तेहरान को संदेश


वॉशिंगटन, 18 सितंबर (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का दावा है कि ईरान समझौता तो करना चाहता है लेकिन उनकी निजी राय में तेहरान इसके लिए अभी पूरी तरह तैयार नहीं है।उन्होंने कहा कि वे अमेरिकी हितों वाली अच्छी डील करेंगे या कोई समझौता नहीं करेंगे।

मीडिया संस्थान ईरान इंटरनेशनल ने अमेरिकी राष्ट्रपति की तरफ से गुरुवार को फॉक्स न्यूज को दिए गए साक्षात्कार का हवाला देते हुए बताया है कि अमेरिका के साथ ईरान डील करना चाहता है लेकिन वह इसके लिए पूरी तरह तैयार नहीं है। ट्रंप ने संकेत दिया कि कोई भी समझौता अमेरिकी उम्मीदों के मुताबिक ही होगा।

ट्रंप का यह बयान ऐसे समय आया है, जब अगले सप्ताह न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान ट्रंप की खाड़ी सहयोग परिषद यानी जीसीसी के सदस्य देशों के नेताओं से मुलाकात की उम्मीद है।

ट्रंप ने दावा किया कि बी-2 बॉम्बर इस्तेमाल से अमेरिकी हमलों ने ईरान की परमाणु हथियार बनाने की क्षमता को खत्म कर दिया। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा न होता तो तेहरान के पास अबतक परमाणु हथियार होता।

उन्होंने ईरान को बहुत कमजोर स्थिति में बताते हुए दावा किया कि उसकी अर्थव्यवस्था सबसे खराब स्तर पर है। उन्होंने 300 प्रतिशत से ज्यादा महंगाई का जिक्र करते हुए कहा कि सैन्य और पुलिसकर्मियों को वेतन नहीं मिल रहा है।

ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य को नियंत्रित करने का दावा करते हुए कहा कि मुझे लगता है कि आखिर में हमारी ही जीत होगी। मुझे नहीं पता कि यह किसी समझौते से होगा या नहीं लेकिन हम पहले से जीत रहे हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति के दावों बरअक्स पेंटागन के एक पूर्व अधिकारी का दावा है कि ईरान के साथ युद्ध इसी साल नवंबर माह तक खत्म हो सकता है। ईरान इंटरनेशनल ने पेंटागन के एक पूर्व अधिकारी ब्रेंट सैडलर के बयान का उल्लेख करते हुए बताया है कि ईरान युद्ध नवंबर तक खत्म हो सकता है, क्योंकि तेहरान पर अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी और आर्थिक दबाव का असर हो रहा है।

सैडलर ने कहा, वित्तीय और मौद्रिक नजरिए से देखें तो आंकड़े निश्चित रूप से इसी नतीजे की ओर इशारा करते हैं। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष साल के अंत से पहले या नवंबर में होने वाले चुनाव के समय ही खत्म हो सकता है। सैडलर ने कहा कि उनके इस अनुमान के पीछे अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी और आर्थिक युद्ध के अन्य तरीके मुख्य कारण हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश

Share this story