ईरान का दावा- मलेशियाई जहाज सुरक्षित पार, होर्मुज में ‘दोस्त देशों’ को राहत

WhatsApp Channel Join Now

तेहरान, 06 अप्रैल (हि.स.)। ईरान ने दावा किया है कि युद्ध शुरू होने के बाद पहली बार मलेशिया का एक जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजर गया है। यह जानकारी मलेशिया स्थित ईरानी दूतावास ने सोशल मीडिया के माध्यम से साझा की।

ईरान ने कहा कि वह अपने “दोस्त देशों” को नहीं भूलता और उनके जहाजों को इस अहम समुद्री मार्ग से सुरक्षित आवाजाही की अनुमति दी जा रही है। यह बयान ऐसे समय में आया है जब क्षेत्र में जारी संघर्ष के कारण होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही काफी प्रभावित रही है।

होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों में से एक है, जहां से वैश्विक तेल आपूर्ति का बड़ा हिस्सा गुजरता है। हालिया तनाव के चलते इस मार्ग पर कई प्रतिबंध लगाए गए थे और अधिकांश जहाजों की आवाजाही सीमित हो गई थी।

जारी संघर्ष के बीच ईरान का यह कदम कूटनीतिक संकेत भी हो सकता है, जिसके जरिए वह अपने मित्र देशों के साथ संबंध मजबूत करने का संदेश दे रहा है, साथ ही अंतरराष्ट्रीय दबाव को संतुलित करने की कोशिश कर रहा है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story