होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ग्रीक जहाज पर हमला, कब्जे की पुष्टि नहीं
एथेंस/तेहरान, 22 अप्रैल (हि.स.)। ग्रीस के स्वामित्व वाले एक मालवाहक जहाज पर होर्मुज जलडमरूमध्य के पास हमला किए जाने की खबर है, हालांकि इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि जहाज को ईरान ने कब्जे में लिया है या नहीं। यह जानकारी ग्रीस के विदेश मंत्री जॉर्जोस गेरापेट्रिटिस ने दी।
सीएनएन को दिए एक साक्षात्कार में जॉर्जोस गेरापेट्रिटिस ने कहा कि जहाज पर हमले की पुष्टि हुई है, लेकिन उसके कब्जे को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने इस घटनाक्रम को “काफी चिंताजनक” बताया और सभी ग्रीक स्वामित्व वाले जहाजों को इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग से फिलहाल दूरी बनाए रखने की सलाह दी है।
विदेश मंत्री के अनुसार, यह जहाज लाइबेरिया के झंडे वाला था, लेकिन उसका स्वामित्व ग्रीक कंपनी के पास था और वह होर्मुज जलडमरूमध्य से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने बताया कि ग्रीस ने अपने सभी जहाजों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए अधिकतम सतर्कता बरतने और इस क्षेत्र से गुजरने से बचने को कहा है।
वहीं, ईरानी मीडिया के हवाले से खबर है कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने तीन जहाजों को निशाना बनाया, जिनमें से दो को कब्जे में लेकर ईरानी जलक्षेत्र में ले जाया गया है। हालांकि, ग्रीक जहाज को लेकर स्थिति अब भी अस्पष्ट बनी हुई है।
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

