ईरान पर हमले का फैसला राष्ट्रपति का था : जेडी वेंस

WhatsApp Channel Join Now
ईरान पर हमले का फैसला राष्ट्रपति का था : जेडी वेंस


वॉशिंगटन, 21 नवंबर (हि.स.)। अमेरिका और ईरान के बीच जारी सैन्य संघर्ष को लेकर अमेरिकी प्रशासन के भीतर मतभेद सामने आने लगे हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने शुक्रवार को ईरान पर अमेरिकी हमले को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फैसले का खुलकर समर्थन करने से परहेज किया। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकने के लिए दोबारा सैन्य हमला करने की अनुमति देते तो उन्होंने सीधे जवाब देने से इनकार कर दिया। वेंस ने कहा कि फरवरी में ईरान पर हमला करने का फैसला राष्ट्रपति ट्रंप का था और उनका काम राष्ट्रपति का समर्थन करना है।

पाकिस्तानी मीडिया जिओ न्यूज के अनुसार, व्हाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप के साथ आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वेंस का यह बयान ऐसे समय आया है, जब ईरान के साथ जारी संघर्ष को लेकर अमेरिका में राजनीतिक बहस तेज हो रही है। खासकर मिडटर्म चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी को मिली हार के बाद युद्ध की रणनीति पर सवाल उठने लगे हैं।

जेडी वेंस ने हाल ही में सोशल मीडिया पर रिपब्लिकन पार्टी की चुनावी हार का विश्लेषण करते हुए ईरान युद्ध को एक बड़ी वजह बताया था। उन्होंने कहा था कि अमेरिका को इस संघर्ष से बाहर निकलने की जरूरत है। उनके इस बयान को राष्ट्रपति ट्रंप की विदेश नीति से दूरी बनाने के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। वेंस ने अपनी पोस्ट में लिखा था कि पार्टी की हार इसलिए हुई क्योंकि युद्ध जारी था। यदि कोई यह मानता है कि अगले छह वर्षों के लिए सीनेट में नुकसान उठाना इस युद्ध की सही कीमत थी तो उसे खुलकर यह तर्क देना चाहिए।

उनके इस बयान के बाद अमेरिकी राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई कि क्या उपराष्ट्रपति ईरान को लेकर ट्रंप की सैन्य रणनीति से पूरी तरह सहमत नहीं हैं।

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि वह वेंस के चुनावी विश्लेषण से नाराज नहीं हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उपराष्ट्रपति की बात में एक महत्वपूर्ण पहलू छूट गया है। ट्रंप चाहते थे कि वेंस यह स्वीकार करें कि ईरान पर हमले जरूरी थे और जरूरत पड़ने पर वह भी यही फैसला लेते। ट्रंप ने कहा कि उनके साथ काम करने वाले लोगों को अपनी राय रखने का पूरा अधिकार है। हालांकि, उन्होंने ईरान को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि वह ईरान को अच्छी तरह जानते हैं और वहां के नेतृत्व पर भरोसा नहीं किया जा सकता।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान वेंस ने कहा कि ईरान को परमाणु हथियार हासिल करने से रोकना अमेरिका का महत्वपूर्ण लक्ष्य होना चाहिए। उन्होंने ईरान को आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला देश बताते हुए कहा कि अगर उसके पास परमाणु हथियार आ जाते हैं तो इससे वैश्विक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा हो सकता है।

वेंस ने आशंका जताई कि ईरान परमाणु हथियारों का इस्तेमाल दूसरे देशों पर दबाव बनाने या बड़े हमले करने के लिए कर सकता है। हालांकि, उन्होंने ईरान पर सैन्य हमले को दोबारा सही ठहराने के सवाल पर स्पष्ट समर्थन नहीं दिया। उन्होंने कहा कि सैन्य कार्रवाई का फैसला राष्ट्रपति लेते हैं और ट्रंप ने स्पष्ट किया है कि जरूरत पड़ने पर वह फिर ऐसा कदम उठा सकते हैं। वेंस के मुताबिक, उनका काम अमेरिकी राष्ट्रपति का समर्थन करना है।

जेडी वेंस लंबे समय से विदेशी युद्धों में अमेरिका की भागीदारी को लेकर सावधानी बरतने की वकालत करते रहे हैं। वह कूटनीतिक बातचीत और शांतिपूर्ण समाधान के समर्थक माने जाते हैं। ईरान के साथ तनाव कम करने के लिए भी उन्होंने पहले बातचीत की कोशिशें की थीं। बताया जाता है कि गर्मियों में उन्होंने एक अस्थायी युद्धविराम समझौता कराने में भूमिका निभाई थी, हालांकि यह समझौता ज्यादा समय तक कायम नहीं रह सका।

हाल के हफ्तों में वेंस ने तेहरान के कट्टरपंथी नेताओं को निजी संदेश भेजकर बातचीत दोबारा शुरू करने का प्रयास किया था। लेकिन ट्रंप ने उनके इन प्रयासों पर रोक लगा दी और उन्हें घरेलू नीतियों पर ध्यान देने के लिए कहा। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि अमेरिका को अब ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है।

इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप हाल ही में एशिया की चार दिवसीय कूटनीतिक यात्रा पूरी कर अमेरिका लौटे हैं। उनकी इस यात्रा के दौरान चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ हुई त्रिपक्षीय बैठक भी चर्चा का विषय बनी रही।

ट्रंप के दोनों नेताओं के साथ गर्मजोशी से मिलने और उनके प्रति दोस्ताना व्यवहार दिखाने को लेकर अमेरिका में आलोचना भी हुई। चीन पहुंचने पर ट्रंप ने शी जिनपिंग का गर्मजोशी से स्वागत किया और पुतिन को अपना दोस्त बताया। हालांकि, व्हाइट हाउस के अधिकारियों ने इस मुलाकात को अमेरिकी कूटनीति की ताकत बताया। उनका कहना था कि अमेरिका अपने विरोधी देशों के नेताओं के साथ भी बातचीत करने की क्षमता रखता है और यही उसकी वैश्विक ताकत का प्रमाण है।

वहीं, वेंस के हालिया बयानों को 2028 के राष्ट्रपति चुनाव की संभावनाओं से जोड़कर भी देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि वह भविष्य में राष्ट्रपति पद की दौड़ में शामिल हो सकते हैं। ऐसे में ईरान युद्ध और अमेरिका की विदेश नीति पर उनका रुख राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हो सकता है।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780801 Articles

Share this story