एससीओ रैट्स ने की ईरान पर अमेरिकी हमलों की निंदा, सैन्य कार्रवाई का किया विरोध
इस्लामाबाद, 15 सितंबर (हि.स.)। शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के क्षेत्रीय आतंकवाद-विरोधी ढांचे (रैट्स) की काउंसिल ने ईरान के खिलाफ हालिया अमेरिकी सैन्य हमलों की निंदा की है। संगठन ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई का विरोध दोहराते हुए क्षेत्र में तनाव कम करने और शांति स्थापित करने की जरूरत पर जोर दिया।
तुर्किए की सरकारी समाचार एजेंसी अनाडोलू
के मुताबिक, यह रुख सोमवार को इस्लामाबाद में आयोजित एससीओ रैट्स काउंसिल की 46वीं बैठक के दौरान सामने आया। बैठक की अध्यक्षता पाकिस्तान ने की। इसमें बेलारूस, भारत, ईरान, कजाकिस्तान, चीन, किर्गिस्तान, पाकिस्तान, रूस, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान के प्रतिनिधिमंडलों के अलावा एससीओ रैट्स की कार्यकारी समिति के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के बयान के मुताबिक, बैठक में क्षेत्रीय सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय एजेंडे से जुड़े मौजूदा मुद्दों पर चर्चा की गई। काउंसिल ने ईरान के खिलाफ किए गए नए सैन्य हमलों की निंदा करते हुए इस मुद्दे पर एससीओ के पहले से व्यक्त रुख को दोहराया।
बैठक में ईरान के मारे गए सर्वोच्च नेता अली खामेनेई और अन्य मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की गई। काउंसिल ने ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और क्षेत्रीय अखंडता के समर्थन की बात दोहराई।
एससीओ रैट्स ने क्षेत्र में तनाव कम करने, शांति बहाल करने और स्थिरता सुनिश्चित करने के प्रयासों का समर्थन किया। बैठक के दौरान एससीओ रैट्स काउंसिल की अध्यक्षता पाकिस्तान से रूस को सौंप दी गई।
रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका ने इस महीने की शुरुआत में ईरान के सैन्य ठिकानों पर नए हमले किए थे। इसके जवाब में ईरान ने क्षेत्र में अमेरिका से जुड़े ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए, जिसके बाद क्षेत्रीय तनाव और बढ़ गया।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

