ईरान का होर्मुज में अमेरिकी प्रीडेटर ड्रोन को मार गिराने का दावा

WhatsApp Channel Join Now


तेहरान, 15 सितंबर (हि.स.)। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसकी वायुसेना ने होर्मुज़ जलडमरूमध्य के ऊपर ईरानी हवाई क्षेत्र में घुसपैठ कर रहे एक अमेरिकी एमक्यू-1 प्रीडेटर ड्रोन को मार गिराया। ड्रोन को सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल से निशाना बनाया गया।

ईरानी प्रेस टीवी

के मुताबिक, आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि उसके एयर डिफेंस सिस्टम ने अमेरिकी ड्रोन का पता लगाया और उसे ट्रैक करने के बाद किसी भी कथित आक्रामक कार्रवाई से पहले ही नष्ट कर दिया।

ईरानी सेना के अनुसार, पिछले सप्ताह भी दक्षिण-पूर्वी ईरान में उसकी एयर डिफेंस यूनिट्स ने एक अमेरिकी एमक्यू-1 ड्रोन का पता लगाया था। सेना ने दावा किया था कि ड्रोन को ट्रैक करने के बाद सफलतापूर्वक निशाना बनाकर मार गिराया गया। हालांकि, इन घटनाओं को लेकर अमेरिका की ओर से तत्काल स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।

होर्मुज़ जलडमरूमध्य ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बीच महत्वपूर्ण रणनीतिक क्षेत्र बन गया है। फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी को जोड़ने वाला यह जलमार्ग वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति के लिए बेहद अहम माना जाता है। ईरान ने क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां बढ़ाने के साथ समुद्री आवाजाही पर भी कड़ा नियंत्रण करने की चेतावनी दी है। इसके चलते जलडमरूमध्य में जहाजों की सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार को लेकर चिंता बढ़ी है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / अमरेश द्विवेदी

Share this story