सामरिक दृष्टि से भारत के लिए महत्वपूर्ण है बांग्लादेश : गुलाम मोहम्मद

सामरिक दृष्टि से भारत के लिए महत्वपूर्ण है बांग्लादेश : गुलाम मोहम्मद


-बांग्लादेश की मुख्य विपक्षी जातीय पार्टी के मुखिया बोले, भारत हमारा परम मित्र देश

ढाका, 26 मई (हि.स.)। बांग्लादेश की मुख्य विपक्षी जातीय पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व वाणिज्य मंत्री गुलाम मोहम्मद कादर का कहना है कि भारत हमारा परम मित्र देश है और भविष्य में भी रहेगा। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश सामरिक दृष्टि से भारत के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण राष्ट्र है।

हिन्दुस्थान समाचार से विशेष बातचीत में गुलाम मोहम्मद कादर ने कहा कि भारत हमारा सबसे बड़ा पड़ोसी देश है। भारत और बांग्लादेश दोनों अलग-अलग संप्रभु राष्ट्र हैं लेकिन सांस्कृतिक दृष्टि से हम सब एक ही हैं। भारत के साथ हमारे सांस्कृतिक, सामाजिक और आर्थिक संबंध भी बड़े ही प्रगाढ़ हैं।

उन्होंने कहा कि बांग्लादेश और भारत की साझी संस्कृति, विरासत, भाषा, साहित्य और इतिहास दोनों देशों के संबंधों को आत्मीयता प्रदान करते है। रवींद्रनाथ टैगोर भारत के साथ ही बांग्लादेश के राष्ट्रगान के भी रचयिता हैं।

बांग्लादेश जातीय पार्टी के मुखिया ने कहा कि भारत हमारा सबसे बड़ा पड़ोसी देश है। वह एक अच्छे पड़ोसी की भूमिका भी अदा करता है। इस दौरान उन्होंने 1971 की आजादी की लड़ाई की चर्चा करते हुए कहा कि भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने हमारे देश की स्वतंत्रता के लिए बहुत मदद की थी। हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के लिए हथियार और प्रशिक्षण की भी व्यवस्था की थी।

भारत के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना करते हुए गुलाम मोहम्मद कादर ने कहा कि कोविड संकट काल में उन्होंने कोरोना वैक्सीन भेजकर बांग्लादेश की अभूतपूर्व मदद की थी। कादर ने कहा कि भारत ने हर संकट में हमारी मदद की है, इसलिए हम अपने इस पड़ोसी देश के सदैव आभारी हैं।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भारत और चीन के बीच अगर युद्ध की स्थिति बनती है तो बांग्लादेश भारत के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। मोहम्मद कादर ने बताया कि उनके बड़े भाई हुसैन मोहम्मद इरशाद बांग्लादेश के राष्ट्रपति रहे हैं। वह भी भारत के साथ सौहार्द्रपूर्ण संबंध रखने के सदैव प़क्षधर रहे हैं।

गोवर्धन पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अधोक्षजानंद देव तीर्थ की बांग्लादेश यात्रा के संबंध में जातीय पार्टी के मुखिया ने कहा कि महाराज जी के आने से हम सब बहुत खुश हैं। वह हर धर्म के लोगों को आशीर्वाद देने यहां आए हैं। समूचे विश्व के कल्याण हेतु उपासना कर रहे हैं। हम लोगों ने जगद्गुरु का यहां नागरिक अभिनंदन भी किया है। सरकार की तरफ से भी प्रोटोकाल और सुरक्षा की व्यापक व्यवस्था की गई है। गुलाम मोहम्मद कादर ने शंकराचार्य जी से अपने संसदीय क्षेत्र, रंगपुर आने का भी अनुरोध किया है।

गौरतलब है कि शंकराचार्य स्वामी श्री अधोक्षजानंद देव तीर्थ इस समय बांग्लादेश की धार्मिक यात्रा पर हैं। बांग्लादेश स्थित शक्ति पीठों व अन्य महत्वपूर्ण देवालयों में वह दर्शन और पूजन कर रहे हैं। जगद्गुरु के साथ भारत के संतों और विद्वानों का एक प्रतिनिधिमंडल भी बांग्लादेश आया हुआ है, जिनमें त्रिपुरा विधानसभा के उपाध्यक्ष राम प्रसाद पाल, उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार पीएन द्विवेदी, डिब्रूगढ़ असम के पीठाधीश्वर श्रीमहंत त्रिवेणी पुरी, कोलकाता के वरिष्ठ पत्रकार तरुण चक्रवर्ती, डा. ओमप्रकाशाचार्य और कामाख्या धाम गुवाहाटी, असम के थानापति महंत नित्यानंद गिरि प्रमुख रूप से शामिल हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/ पीएन द्विवेदी/दधिबल

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story