रियाद एयरपोर्ट हमले में घायल भारतीय की मौत, दूतावास ने जताया दुख

WhatsApp Channel Join Now

इंदौर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। सऊदी अरब की राजधानी रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए शनिवार को हुए हमले में घायल एक भारतीय नागरिक की रविवार को मौत हो गई। भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। दूतावास ने कहा कि वह मृतक के परिजनों के संपर्क में है और पार्थिव शरीर को जल्द भारत लाने के लिए हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगा।

दूतावास के बयान के अनुसार, हमले में घायल भारतीय नागरिक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इससे पहले जारी बयान में दूतावास ने बताया था कि हमले में कुल 11 भारतीय नागरिक घायल हुए थे। हालांकि, मृतक की पहचान और अन्य घायलों की स्थिति के बारे में तत्काल विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई।

रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए इस हमले के लिए यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों को जिम्मेदार ठहराया गया है। हमले के बाद सऊदी अधिकारियों ने हवाई अड्डे को हुए नुकसान और सुरक्षा व्यवस्था का आकलन शुरू किया था।

भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह मृतक के परिवार को आवश्यक सहायता देने के साथ पार्थिव शरीर की स्वदेश वापसी की प्रक्रिया में सहयोग करेगा। घटना के बाद सऊदी अरब में रह रहे भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story