चंद्रयान-3 की सफलता का वैश्विक सम्मान, नाइजीरिया में भारत को मिला स्पेस डिप्लोमेसी अवॉर्ड

WhatsApp Channel Join Now
चंद्रयान-3 की सफलता का वैश्विक सम्मान, नाइजीरिया में भारत को मिला स्पेस डिप्लोमेसी अवॉर्ड


चंद्रयान-3 की सफलता का वैश्विक सम्मान, नाइजीरिया में भारत को मिला स्पेस डिप्लोमेसी अवॉर्ड


अबुजा, 28 नवंबर हि.स.)। अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और सम्मान मिला है। नाइजीरिया की राजधानी अबुजा में भारतीय उच्चायोग को ‘स्पेस डिप्लोमेसी अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया, जबकि भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) को चंद्रयान-3 मिशन की ऐतिहासिक सफलता के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

भारतीय उच्चायोग के अनुसार, यह सम्मान 24 से 27 नवंबर तक अबुजा में आयोजित ‘अफ्रीका स्पेस इकोनॉमी, इनोवेशन एंड कम्युनिकेशन कॉन्फ्रेंस’ (एएसईआईसीसी-2026) के दौरान दिया गया। नाइजीरिया में भारत के उच्चायुक्त अभिषेक सिंह ने भारतीय मिशन की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया।

भारतीय उच्चायोग ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि चंद्रयान-3 मिशन की ऐतिहासिक उपलब्धियों को मान्यता देते हुए इसरो को भी प्रशस्ति पत्र दिया गया है। उच्चायोग ने कहा कि यह सम्मान अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत की उल्लेखनीय प्रगति और अंतरिक्ष विज्ञान, प्रौद्योगिकी तथा नवाचार के क्षेत्र में देश की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रतीक है। मिशन ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और इसरो की क्षमताओं की भी सराहना की।

भारत ने 23 अगस्त, 2023 को चंद्रयान-3 के जरिए चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र के निकट सफल सॉफ्ट लैंडिंग कर इतिहास रचा था। ऐसा करने वाला भारत दुनिया का पहला देश बना। चंद्रमा का यह क्षेत्र भविष्य के अंतरिक्ष अभियानों के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि वहां पानी की बर्फ मौजूद होने की संभावना है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि की याद में भारत में 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया जाता है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785065 Articles

Share this story