यमन-भारत संबंधों को नई गति देने पर चर्चा, भारतीय राजदूत ने यमन के प्रधानमंत्री से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
यमन-भारत संबंधों को नई गति देने पर चर्चा, भारतीय राजदूत ने यमन के प्रधानमंत्री से की मुलाकात


रियाद, 09 जून (हि.स.)। भारत और यमन के बीच द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से भारतीय राजदूत सुहैल एजाज खान ने मंगलवार को रियाद में यमन के प्रधानमंत्री एवं विदेश मंत्री शाया मोहसिन अल-जिंदानी से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया।

बैठक के दौरान भारत और यमन के बीच राजनीतिक, आर्थिक तथा विकास संबंधी साझेदारी को आगे बढ़ाने के उपायों पर चर्चा हुई। साथ ही पश्चिम एशिया की वर्तमान परिस्थितियों और साझा हितों से जुड़े विषयों पर भी दोनों पक्षों ने अपने विचार साझा किए।

भारतीय दूतावास के अनुसार, बैठक में भारत के उप मिशन प्रमुख अबू माथेन जॉर्ज भी उपस्थित रहे। वार्ता के दौरान दोनों देशों के बीच चल रहे सहयोग की समीक्षा की गई तथा क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि सुहैल एजाज खान यमन के साथ-साथ सऊदी अरब में भी भारत के राजदूत हैं। इससे एक दिन पहले उन्होंने सऊदी अरब के बहुपक्षीय अंतरराष्ट्रीय मामलों के उपमंत्री अब्दुलरहमान अल-रासी से भी मुलाकात की थी।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story