भारतीय विदेश सचिव ने अमेरिकी विदेश मंत्री से की मुलाकात, अगले माह भारत आने वाले हैं रूबियो
वॉशिंगटन, 10 अप्रैल (हि.स.)। भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने वॉशिंगटन में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाकात की।इस मुलाकात के दौरान भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद थे। रूबियो अगले माह भारत के दौरे पर आने वाले हैं।
तीन दिवसीय अमेरिका दौरे पर पहुंचे विक्रम मिसरी ने व्हाइट हाउस में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मुलाकात कर दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों की समीक्षा की। इस मुलाकात को लेकर भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने विक्रम मिसरी को टैग करते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा- मार्को रूबियो के साथ सार्थक बैठक हुई जिसमें विशेषकर ट्रेड, क्रिटिकल मिनरल्स, डिफेंस और क्वाड को लेकर बात हुई। रुबियो अगले महीने भारत आने के लिए उत्साहित हैं।
इससे पहले विक्रम मिसरी ने अमेरिका के विदेश उप सचिव क्रिस्टोफर लैंडाउ से भी मुलाकात कर फारस की खाड़ी की स्थिति, अन्य वैश्विक और क्षेत्रीय प्राथमिकताओं के बारे में बातचीत की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश

