जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच शुरू होगी साप्ताहिक रेल सेवा, भारतीय रेलवे ने दी मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
जनकपुरधाम और अयोध्या के बीच शुरू होगी साप्ताहिक रेल सेवा, भारतीय रेलवे ने दी मंजूरी


काठमांडू, 14 नवंबर (हि.स.)। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। भारतीय रेलवे ने नेपाल के जनकपुरधाम और भारत के उत्तर प्रदेश स्थित अयोध्या के बीच नई साप्ताहिक रेल सेवा शुरू करने को मंजूरी दे दी है। करीब 604 किलोमीटर लंबी यह रेल सेवा दोनों देशों के प्रमुख धार्मिक स्थलों को सीधे रेल संपर्क से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

भारतीय रेल मंत्रालय की ओर से 14 नवंबर को जारी जानकारी के अनुसार, यह ट्रेन नेपाल के जनकपुरधाम से भारत के अयोध्या कैंट तक चलेगी। इस रेल सेवा का उद्देश्य श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम यात्रियों के लिए दोनों देशों के बीच आवागमन को आसान बनाना है।

बिहार और उत्तर प्रदेश के कई शहरों में होगा ठहराव

नई रेल सेवा बिहार और उत्तर प्रदेश के कई महत्वपूर्ण शहरों से होकर गुजरेगी। ट्रेन का व्यावसायिक ठहराव जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम में होगा। इसके अलावा जनकपुरधाम और अयोध्या कैंट इसके शुरुआती एवं अंतिम स्टेशन होंगे।

यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन संचालित होगी। भारतीय रेलवे के अनुसार, जनकपुरधाम से प्रत्येक शनिवार को और अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार को ट्रेन की यात्रा शुरू होगी।

रामायण सर्किट को मिलेगा बढ़ावा

इस रेल सेवा को रामायण परंपरा से जुड़े दो महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को जोड़ने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। नेपाल का जनकपुरधाम माता सीता की जन्मस्थली के रूप में प्रसिद्ध है, जबकि भारत का अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है।

दोनों धार्मिक स्थलों के बीच रेल संपर्क स्थापित होने से श्रद्धालुओं को जनकपुरधाम से अयोध्या और अयोध्या से जनकपुरधाम तक यात्रा करने में सुविधा होगी। इससे भारत और नेपाल के बीच रामायण सर्किट आधारित धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

पर्यटन और सीमावर्ती अर्थव्यवस्था को होगा लाभ

भारतीय रेलवे के अनुसार, इस सेवा से केवल धार्मिक पर्यटन ही नहीं, बल्कि शिक्षा, व्यापार और पारिवारिक यात्राओं को भी सुविधा मिलेगी। रेल मार्ग के आसपास के क्षेत्रों में होटल, पर्यटन व्यवसाय, स्थानीय व्यापारियों और पारंपरिक कारीगरों को आर्थिक लाभ मिलने की संभावना है।

विशेष रूप से बिहार और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए यह रेल सेवा परिवहन का एक अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध कराएगी। इससे दोनों देशों के सीमावर्ती समुदायों के बीच सामाजिक और आर्थिक संबंध भी मजबूत होंगे।

भारत-नेपाल संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और सामाजिक संबंध रहे हैं। भारतीय रेलवे ने कहा है कि नई रेल सेवा दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ाने के साथ द्विपक्षीय सहयोग को भी नई मजबूती प्रदान करेगी।

यह पहल भारत और नेपाल के बीच क्षेत्रीय संपर्क, धार्मिक पर्यटन और आपसी मित्रता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777262 Articles

Share this story