भारत और साइप्रस उच्च शिक्षा व शोध सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमत, जनवरी, 2027 में होगी अगली बैठक

WhatsApp Channel Join Now
भारत और साइप्रस उच्च शिक्षा व शोध सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमत, जनवरी, 2027 में होगी अगली बैठक


भारत और साइप्रस उच्च शिक्षा व शोध सहयोग को आगे बढ़ाने पर सहमत, जनवरी, 2027 में होगी अगली बैठक


निकोसिया, 24 नवंबर (हि.स.)। भारत और साइप्रस ने उच्च शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को ठोस रूप देने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। दोनों देशों ने इस वर्ष मई में साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडिस की भारत यात्रा के दौरान हुए समझौता ज्ञापन (एमओयू) को प्रभावी ढंग से लागू करने पर चर्चा की। इस सिलसिले में जनवरी, 2027 में एक और बैठक आयोजित करने पर सहमति बनी है।

साइप्रस स्थित भारतीय उच्चायोग के अनुसार भारत के उच्चायुक्त मनीष और साइप्रस के शिक्षा, खेल एवं युवा मंत्रालय के स्थायी सचिव मारियोस पानायिड्स के बीच सोमवार को इस संबंध में बातचीत हुई। बैठक में दोनों देशों के शैक्षणिक संस्थानों के बीच साझेदारी बढ़ाने, संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं, शिक्षकों और विद्यार्थियों के आदान-प्रदान तथा अकादमिक सहयोग को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया गया।

बातचीत के दौरान साइप्रस में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे भारतीय विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों और वहां के शैक्षणिक एवं शोध संस्थानों के साथ काम कर रहे भारतीय शोधकर्ताओं के लिए उपलब्ध अवसरों पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने मई में हुए समझौते के तहत तय प्रतिबद्धताओं को संस्थागत सहयोग और व्यावहारिक पहलों में बदलने की आवश्यकता पर जोर दिया।

भारतीय उच्चायोग ने कहा कि जनवरी, 2027 में प्रस्तावित अगली बैठक में इन चर्चाओं को आगे बढ़ाते हुए एमओयू के तहत लागू की जा सकने वाली पहलों पर काम किया जाएगा। उच्च शिक्षा, अनुसंधान और ज्ञान के आदान-प्रदान को भारत-साइप्रस रणनीतिक साझेदारी के महत्वपूर्ण स्तंभों के रूप में देखा जा रहा है।

इससे पहले 12 नवंबर को भारत के उच्चायुक्त मनीष ने निकोसिया में साइप्रस के ऊर्जा, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री माइकल दामियानोस से मुलाकात की थी। इस दौरान वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट में भाग लेने के लिए मंत्री की प्रस्तावित भारत यात्रा पर भी चर्चा हुई थी।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story