(अपडेट) नेपाल में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने विदेश मंत्री शिशिर खनाल से की विदाई मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
(अपडेट) नेपाल में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने विदेश मंत्री शिशिर खनाल से की विदाई मुलाकात


(अपडेट) नेपाल में भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने विदेश मंत्री शिशिर खनाल से की विदाई मुलाकात


काठमांडू, 16 सितंबर (हि.स.)। नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने बुधवार को नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल से विदाई मुलाकात की। सिंहदरबार स्थित विदेश मंत्रालय में हुई मुलाकात के दौरान विदेश मंत्री खनाल ने राजदूत श्रीवास्तव को सफल कार्यकाल पूरा करने पर बधाई दी।

विदेश मंत्री खनाल ने नेपाल-भारत संबंधों को और गहरा एवं बहुआयामी बनाने में राजदूत श्रीवास्तव की भूमिका की सराहना की। इस दौरान दोनों देशों के बीच ऊर्जा सहयोग, व्यापार, बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुई महत्वपूर्ण प्रगति तथा दोनों देशों की जनता के बीच संबंधों पर भी चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान खनाल ने भोटेकोसी नदी में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद भारत की ओर से नेपाल के प्रति दिखाई गई एकजुटता तथा आपदा के बाद खोज, बचाव और राहत कार्यों में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए आभार व्यक्त किया।

विदेश मंत्री ने राजदूत श्रीवास्तव के आगामी कार्यकाल और भविष्य के प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रीवास्तव आगे भी नेपाल के एक अच्छे मित्र के रूप में अपनी भूमिका निभाते रहेंगे।

भारतीय राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने अपने कार्यकाल के दौरान नेपाल सरकार की ओर से मिले सहयोग और समन्वय के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले दिनों में नेपाल-भारत संबंध और अधिक मजबूत एवं समृद्ध होंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Share this story