‘देर होने से पहले मुझे न्याय दीजिए’, इमरान खान की पाकिस्तानी न्यायाधीशों से गुहार

WhatsApp Channel Join Now
‘देर होने से पहले मुझे न्याय दीजिए’, इमरान खान की पाकिस्तानी न्यायाधीशों से गुहार


‘देर होने से पहले मुझे न्याय दीजिए’, इमरान खान की पाकिस्तानी न्यायाधीशों से गुहार


इस्लामाबाद, 16 नवंबर (हि.स.)। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने देश के तीन शीर्ष न्यायाधीशों से उन्हें और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को लागू कराने की अपील की है। उन्होंने चेतावनी दी कि उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है और न्याय मिलने में देरी उनकी जान पर भारी पड़ सकती है। खान ने न्यायाधीशों से कहा, “देर होने से पहले मुझे न्याय दीजिए।”

पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश, संघीय संवैधानिक अदालत के मुख्य न्यायाधीश और इस्लामाबाद हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को लिखे पत्र को उनके वकील सलमान सफदर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किया। खान ने आरोप लगाया कि जेल में उनके संवैधानिक अधिकारों और कारागार नियमों का खुलेआम उल्लंघन हो रहा है। उन्हें परिवार और वकीलों से मिलने, किताबें पढ़ने तथा टेलीविजन देखने तक की अनुमति नहीं दी जा रही है।

खान के मुताबिक, 10 फरवरी 2026 को उनके वकील से मुलाकात के दौरान पता चला कि उनकी दाहिनी आंख की 85 प्रतिशत रोशनी जा चुकी है। उन्होंने दावा किया कि इस साल उन्हें वकीलों से केवल चार बार मिलने दिया गया, जबकि उनकी पत्नी बुशरा बीबी को सिर्फ एक बार कानूनी सलाहकार से मिलने की अनुमति मिली।

उन्होंने पत्नी की आंखों की बिगड़ती स्थिति पर भी चिंता जताई। खान के अनुसार, अप्रैल में बुशरा बीबी की आंख की जटिल सर्जरी हुई थी, लेकिन उन्हें दोबारा एकांत कारावास में भेज दिया गया। उन्होंने आशंका जताई कि उचित इलाज नहीं मिलने पर उनकी आंखों की रोशनी स्थायी रूप से जा सकती है।

इमरान ने 18 अगस्त के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि उन्हें शिफा इंटरनेशनल अस्पताल में भर्ती कराने और विशेषज्ञों से जांच कराने के निर्देश का अब तक पालन नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि उनका रक्तचाप 193 तक पहुंच गया है और डॉक्टरों ने मस्तिष्क में रक्तस्राव तथा हृदयाघात का खतरा बताया है।

अगस्त 2023 से जेल में बंद इमरान खान ने कहा कि वह कोई विशेष रियायत नहीं, बल्कि अपने और पत्नी के लिए इलाज तथा अदालत के आदेशों का पालन चाहते हैं।

-----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778227 Articles

Share this story