ईरानी सांसद ने कहा- अमेरिका ने जमीनी हमला किया तो कुवैत और बहरीन में घुसेंगे

WhatsApp Channel Join Now

तेहरान, 17 जुलाई (हि.स.)। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरानी सांसद अहमद बख्शायेश अर्देस्तानी ने चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका ने ईरान पर जमीनी सैन्य हमला किया, तो ईरान कुवैत और बहरीन तक सैन्य कार्रवाई का दायरा बढ़ा सकता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में ईरानी सेना केवल अपनी सीमाओं तक सीमित नहीं रहेगी।

अर्देस्तानी ने अमेरिका की उस कथित योजना का भी उल्लेख किया, जिसमें ईरान के रणनीतिक खार्ग द्वीप पर कब्जे की बात कही गई थी। उन्होंने दावा किया कि अमेरिकी सेना यदि एक दिन के लिए भी इस द्वीप पर उतरने में सफल हो जाती है, तब भी वह वहां लंबे समय तक टिक नहीं सकेगी, क्योंकि यह क्षेत्र पूरी तरह ईरानी मिसाइलों की मारक क्षमता के दायरे में है।

उन्होंने कहा, यदि अमेरिका ने खार्ग द्वीप पर जमीनी हमला किया, तो उसके सैनिक तोप का चारा बन जाएंगे।

इस बीच, ईरान के करज शहर के वरिष्ठ धर्मगुरु मौलवी मेहदी होसैनी हमेदानी ने भी अमेरिका के साथ किसी भी तरह की वार्ता या समझौते का विरोध किया। उन्होंने कहा कि अमेरिका से बातचीत करना सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई के रुख के विपरीत होगा और अधिकारियों को हालिया संघर्ष के बाद वॉशिंगटन के साथ किसी समझौते की उम्मीद छोड़ देनी चाहिए।

होसैनी हमेदानी ने कहा कि ईरान की ओर से कड़ी जवाबी कार्रवाई की मांग को युद्ध भड़काने की कोशिश नहीं माना जाना चाहिए। उनके अनुसार, दृढ़ और प्रभावी जवाब ही बड़े क्षेत्रीय युद्ध को रोकने का सबसे बेहतर तरीका है।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Share this story